'ठीक हो दोस्त?' हाल पूछते ही अमेरिका में भारतीय मूल के बिजनेसमैन के सिर में दाग दी गोली, झगड़ा सुलझाना पड़ा भारी
US News: आरोपी शख्स ने पहले एक महिला साथी को गोली मारी। गोलीबारी की आवाज सुन राकेश एहागाबन बाहर आए थे। उन्होंने शख्स के पास आकर उसका हाल-चाल पूछा। इसके बाद आरोपी ने उनके सिर में ही गोली दाग दी। राकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Indian-origin shot dead in US: अमेरिका में कुछ समय के अंदर कई भारतीयों की हत्याओं की खबरें सामने आई हैं। ताजा घटना अमेरिका के पिट्सबर्ग में घटी है, जहां शुक्रवार (3 अक्टूबर) दोपहर एक भारतीय मूल के मोटल मालिक को गोली मार दी गई। 51 साल के राकेश एहागाबन किसी झगड़े की आवाज सुनकर बाहर आए थे, यही उन्हें भारी पड़ गया। 37 साल के स्टेनली यूजीन वेस्ट नाम के एक शख्स ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने से पहले राकेश ने स्टेनली से उसका हाल पूछा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी स्टेनली 2 हफ्तों से पिट्सबर्ग मोटल में एक महिला और बच्चे के साथ रह रहा था। हमलावर ने मोटल की पार्किंग में महिला साथी पर गोली चलाई।
पहले महिला साथी को मारी गोली
रिपोर्ट्स के अनुसार महिला गाड़ी में बच्चे के साथ बैठी थी। इसी दौरान आरोपी वहां आया और उसके गले में गोली मार दी। घटना में महिला घायल हुई और किसी तरह कार चलाकर पास के डिक कर्निक टायर एंड ऑटो सर्विस सेंटर तक पहुंची, जहां उसे पुलिस ने देखा और फिर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पीछे बैठा बच्चा सुरक्षित है।
गोली की आवाज सुनकर बाहर आए थे राकेश
राकेश इसी गोलीबारी की आवाज सुनकर बाहर आए थे। वो झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने स्टेनली से पूछा, "तुम ठीक हो दोस्त?" इसके बाद शख्स ने कुछ ही फीट की दूरी से राकेश के सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई।
Advertisement
पुलिस अधिकारी पर भी की फायरिंग
गोलीबारी की घटना के बाद आरोपी शख्स वहां से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे पिट्सबर्ग के ईस्ट हिल्स इलाके में ट्रैक किया। आरोपी ने यहां भी कथित तौर पर पुलिस अधिकारियों पर गोली चलाई। इस दौरान पिट्सबर्ग के एक अधिकारी को गोली लगी और उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। आरोपी स्टेनली यूजीन वेस्ट को भी पुलिस की गोली लगी है। उसे पकड़ा जा चुका है।
एक महीने पहले ही अमेरिका के टेक्सस में एक भारतीय मूल के मोटल मैनेजर की हत्या की घटना सामने आई थी। यहां वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के चलते मैनेजर की सिर काटकर हत्या कर दी थी। लगातार घट रही इन घटनाओं से अमेरिका में भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।