'मैं एक प्रॉब्लम सॉल्वर हूं, जल्द 'बीबी' का मामला भी...', लेबनान पर हमले को लेकर PM नेतन्याहू के दो टूक जवाब पर अब ट्रंप की आई प्रतिक्रिया
ट्रंप से जब सवाल पूछा गया कि वे इजरायली प्रधानमंत्री को अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत में बाधा डालने से कैसे रोकेंगे, तो जवाब में ट्रंप ने खुद को ‘प्रॉब्लम सॉल्वर’ बताया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिकी और ईरान के बीच हुए समझौते पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चा शुरू हो गई। नेतन्याहू ने साफ-साफ कहा था कि शांति समझौते हो ना हो मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, मैं ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने दूंगा। अब नेतन्याहू के इस बयान पर राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रिया आई है। ट्रंप ने ईरान और इजराइल के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद को जल्द सुलझाने का भरोसा जताया है।
पत्रकारों ने पीएम नेतन्याहू के बयान का हवाला देकर ट्रंप से पूछा कि वे इजरायली प्रधानमंत्री को अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत में बाधा डालने से कैसे रोकेंगे, तो जवाब में ट्रंप ने खुद को ‘प्रॉब्लम सॉल्वर’ बताया। साथ ही ये भी कहा कि वो किसी भी समस्या का तुरंत समाधान निकाल लेते हैं। इस समस्या का भी समाधान जल्द निकल जाएगा।
मैं एक प्रॉब्लम सॉल्वर हूं-ट्रंप
व्हाइट हाउस में सोमवार को पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा, कैसे पक्का करेंगे कि इजराइली प्रधानमंत्री US-ईरान बातचीत में रुकावट नहीं डालेंगे? जवाब में ट्रंप ने कहा, "मैं आपको यह नहीं बताने वाला कि मैं क्या करने वाला हूं लेकिन यह सॉल्व हो जाएगा। मैं एक प्रॉब्लम सॉल्वर हूं। मैं प्रॉब्लम बहुत तेजी से सॉल्व करता हूं, जिसमें बीबी (नेतन्याहू) का मामला भी शामिल है।
पीस डील को लेकर नेतन्याहू ने क्या कहा?
बता दें कि सोमवार को ईरान-अमेरिका शांति समझौते पर बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था, "बातचीत में कुछ भी हो, समझौता हो या न हो, मैं आपसे वादा करता हूं कि जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा। कभी नहीं। जब तक मैं इजरायल का प्रधानमंत्री हूं, मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। जब तक हमें अपने लोगों की सुरक्षा की जरूरत है, हम दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में बने रहेंगे। किसी भी देश से इसके अलावा कुछ और करने के लिए नहीं कहा जाएगा।"
Advertisement
हमारी लड़ाई हिज्बुल्लाह से है-नेतन्याहू
वहीं, लेबनान पर हमले को लेकर नेतन्याहू ने कहा था, "हम अपने लोगों की सुरक्षा के लिए हर मुमकिन कोशिश करते हैं। हमारी लड़ाई लेबनान से नहीं है। हमारी लड़ाई हिज्बुल्लाह से है, जो लेबनान में आतंक फैलाता है और हमें खत्म करना चाहता है। और जब ईरान का यह प्रॉक्सी (प्रतिनिधि) खतरा नहीं रह जाएगा, जब इसे खत्म कर दिया जाएगा, जब इसके हथियार छीन लिए जाएंगे, तो हां, लेबनान के साथ शांति कायम होगी। मैं उस समझौते पर हस्ताक्षर करने का इंतजार कर रहा हूं।"