'मेरा पास बम है,कॉकपिट...', यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान को हवा में हाईजैक करने की कोशिश! लैंडिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार
न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यू ऑरलियन्स जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने बैग में बम होने का दावा किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिका के न्यू जर्सी से उड़ान भरने वाली यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने दावा किया कि उसके पास बम है और उसने कॉकपिट में घुसने की कोशिश की। यह चौंकाने वाली घटना - जो 'फ्लाईदुबई' की एक डरावनी घटना के कुछ ही हफ्तों बाद सामने आई है - के कारण पायलटों को ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) को 'हाइजैकिंग' का अलर्ट भेजना पड़ा।
न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यू ऑरलियन्स जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट यूए-2174 में सोमवार रात (9 नवंबर 2026) अफरा-तफरी मच गई। अचानक फ्लाइट में बैठे एक यात्री ने अपने बैग में बम होने का दावा किया। इसके बाद वो सीट से उठकर कॉकपिट में जबरन घुसने की कोशिश करने लगा।
पायलट ने हाइजैकिंग का अलर्ट जारी किया
हालत को देखते हुए पायलटों ने हाइजैकिंग का अलर्ट जारी कर दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लाइट रात करीब 9:26 बजे नेवार्क से रवाना हुई और रात करीब 11:07 बजे लुई आर्मस्ट्रांग न्यू ऑरलियन्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। विमान में 46 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य सवार थे। यात्री काले कपड़े पहने हुए था, उसके पास एक बैग (बैकपैक) था और वह लगभग अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था।
उड़ान के दौरान हुई इस डरावनी घटना ने एक सामान्य शाम के सफर को विमान में सवार सभी लोगों के लिए एक तनावपूर्ण आपातकालीन स्थिति में बदल दिया। क्रू के लिए भी एक बड़ी परीक्षा बन गई, क्योंकि कॉकपिट क्रू ने तुरंत अलर्ट जारी किया और विमान को अपने नियंत्रण में रखा।
Advertisement
आरोपी ने की कॉकपिट में घुसने की कोशिश
चालक दल ने एसीएआरएस मैसेजिंग सिस्टम के जरिए ‘लेवल-4’ खतरे का अलर्ट भेजा। यह अलर्ट विमान में अपहरण जैसी गंभीर स्थिति या कॉकपिट में घुसने की कोशिश के लिए इस्तेमाल होता है। पायलटों ने ट्रांसपोंडर में 7500 कोड भी डाला, जो गैरकानूनी दखलअंदाजी या अपहरण की कोशिश का संकेत देता है। इससे एयर ट्रैफिक कंट्रोल को तुरंत जानकारी मिल गई।
लैंडिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार
विमान सुरक्षित लैंड होने के बाद जेफरसन पैरिश शेरिफ ऑफिस के अधिकारियों ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय रोनी अलेक्जेंडर गोमेज-अल्बर्टो के रूप में हुई है। वह होंडुरास का नागरिक है और पहले दो बार अमेरिका से निर्वासित हो चुका था। उस पर झूठी बम की जानकारी देने और आतंक फैलाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में उसे मानसिक रूप से अस्थिर बताया गया है। बम का कोई सबूत नहीं मिला और जांच जारी है।
Advertisement
'फ्लाईदुबई' जैसे घटना दोहराने की कोशिश
बता दें कि कुछ हफ्ते पहले ही 'फ्लाईदुबई' की एक घटना ने हर किसी को हिलाकर रख दिया था। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में, को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर अपने भारतीय कैप्टन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था और विमान पर कब्जा करने की कोशिश की थी। मगर भारतीय पायलट ने बहादुरी दिखाते हुए को-पायलट की हर कोशिश को नाकाम कर दिया।