'रूस ने 50 दिनों में युद्धविराम नहीं किया तो...', रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेन से शांति समझौते के लिए दे डाली चेतावनी
कभी 24 घंटे में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने का दावा करने वाले ट्रंप इन दिनों व्लादिमीर पुतिन पर भड़के हुए हैं। उन्होंने रूस को यूक्रेन के साथ युद्धविराम समझौते पर पहुंचने के लिए 50 दिनों की डेडलाइन भी दे डाली है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन और रूस जंग पर रूस के बर्ताव से निराश नजर आ रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान से यह साफ नजर आ रहा है। यूक्रेन पर लगातार हो रहे रूसी हमलों की आलोचना करते हुए ट्रंप ने पुतिन को चेतावनी दे डाली है।
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा ही पुतिन की सराहना करते देखा गया है। हालांकि अब उनके तेवर बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने यूरोप के रास्ते यूक्रेन को हथियार भेजने का ऐलान किया।
व्लादिमीर पुतिन पर भड़के ट्रंप
कभी 24 घंटे में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने का दावा करने वाले ट्रंप इन दिनों व्लादिमीर पुतिन पर भड़के हुए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर पुतिन युद्ध जारी रखते हैं तो उन्हें तगड़ी चोट मिलेगी। इतना ही नहीं, उन्होंने रूस को यूक्रेन के साथ युद्धविराम समझौते पर पहुंचने के लिए 50 दिनों की डेडलाइन भी दे डाली है।
रूसी राष्ट्रपति से निराश हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'मैं किसी के पक्ष में नहीं हूं। मैं सिर्फ मानवता के पक्ष में हूं। मैं यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध में हो रही मौतों को रोकना चाहता हूं।' फाइनेंशियल टाइम्स ने एक रिपोर्ट में कहा था कि ट्रंप ने निजी बातचीत में जेलेंस्की से पूछा था कि अगर यूक्रेन को लंबी दूरी के अमेरिकी हथियार दिए जाएं तो क्या वह मॉस्को पर हमला कर सकते हैं?'
Advertisement
ट्रंप ने कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से निराश हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने कई संघर्षों को समाप्त करने में भूमिका निभाई है। लेकिन, रूस और यूक्रेन का मसला अब भी अनसुलझा हुआ है।
ट्रंप का पुतिन को अल्टीमेटम!
उन्होंने कहा कि रूस अगर 50 दिनों के भीतर सीजफायर के लिए सहमत नहीं होता है तो उसे अमेरिकी प्रतिबंधों के साथ-साथ ऑयल टैरिफ का सामना करना पड़ेगा।