अपडेटेड 11 October 2025 at 07:25 IST
'नोबेल जीतने वाली मारिया ने भी माना, मैं इसका असली हकदार था...', डोनाल्ड ट्रंप का छलका दर्द, कहा- मैंने लाखों जिंदगियां बचाईं
Donald Trump on Nobel Peace Prize: कई बार खुद को नोबेल शांति पुरस्कार का हकदार बताने के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रति डोनाल्ड ट्रंप का सपना पूरा ना हो सका। वेनेजुएला की मारिया कोरीना मचाडो को ये पुरस्कार मिला है। नोबल ना मिलने पर ट्रंप का पहला रिएक्शन सामने आया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज़
- 3 min read

Show Quick Read
Donald Trump news: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नोबेल शांति पुरस्कार जीतने का सपना तो फिलहाल पूरा नहीं हो पाया। शुक्रवार (10 अक्टूबर) को नोबेल पीस प्राइज के विजेता के नाम का ऐलान हुआ और इस बार ये सम्मान वेनेजुएला की मारिया कोरीना मचाडो की झोली में आया। नोबेल ना मिलने पर ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने फिर खुद को इसका हकदार बताया और कहा कि मैंने लाखों जिंदगियां बचाई हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि नोबेल पुरस्कार जीतने वाली वेनेजुएला की मारिया कोरीना मचाडो ने उन्हें कॉल किया और उनसे कहा कि आपके सम्मान में इसे स्वीकार कर रही हूं।
'नोबेल जीतने वाली मारिया का आया फोन…'
ट्रंप ने बयान में कहा, "जिस व्यक्ति को नोबेल पुरस्कार मिला है, उसने आज मुझे फोन किया और कहा कि मैं आपके सम्मान में इसे स्वीकार कर रही हूं क्योंकि आप सचमुच इसके हकदार थे। हालांकि मैंने यह नहीं कहा, 'मुझे दे दो'। मुझे लगता है कि उन्होंने ऐसा चाहा होगा। मैं उनकी मदद करता रहा हूं... मैं खुश हूं क्योंकि मैंने लाखों लोगों की जान बचाई है।"
मारिया ने ट्रंप को डेडिकेट किया अवॉर्ड
वहीं नोबेल जीतने वाली मारिया कोरिना मचाडो ने अपना यह पुरस्कार डोनाल्ड ट्रंप को समर्पित किया है। उन्होंने X पर अपनी पोस्ट में वेनेजुएला के लिए लड़ाई में समर्थन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार भी जताया। मारिया ने कहा कि वेनेजुएला के संघर्ष को मान्यता दी गई है। इससे आजादी हासिल करने के हमारे लक्ष्य को पूरा होने में मदद मिलेगी।
Advertisement
उन्होंने आगे कहा कि हम जीत के मुहाने पर खड़े हैं। आज हमारा राष्ट्रपति ट्रंप, अमेरिका के लोगों, लैटिन अमेरिका के लोगों और दुनिया के लोकतांत्रिक देशों पर भरोसा बढ़ा है। आजादी और लोकतंत्र की बहाली के लिए ये हमारे प्रमुख सहयोगी हैं। मैं यह प्राइज वेनेजुएला के लोगों और राष्ट्रपति ट्रंप को समर्पित करती हूं, जिन्होंने इस काम में हमारा साथ दिया।
ट्रंप को नोबल ना मिलने पर भड़का व्हाइट हाउस
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल पुरस्कार ना मिलने पर व्हाइट हाउस भड़क गया है। शुक्रवार को नोबेल पुरस्कार की घोषणा होने के बाद व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा कि नोबेल शांति पुरस्कार का चयन पक्षपातपूर्ण और राजनीतिक आधार पर किया गया, ना कि वैश्विक शांति के लिए सच्चे प्रयासों को ध्यान में रखकर। व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने तल्ख टिप्पणी करते हुए X पर पोस्ट लिख इसकी आलोचना की है और ट्रंप को महान व्यक्ति बताया है।
Advertisement
व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चुइंग ने अपने X पोस्ट में लिखा, राष्ट्रपति ट्रंप शांति समझौते करते रहेंगे, युद्ध समाप्त करवाते रहेंगे और लोगों की जानें बचाते रहेंगे। उनका दिल मानवतावादी है और उनके जैसा कोई नहीं होगा जो अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से पहाड़ों को हिला सके। नोबेल समिति ने साबित कर दिया है कि वे शांति से ऊपर राजनीति को महत्व देते हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 11 October 2025 at 07:25 IST