भारत के बाजारों तक होगी अमेरिका की पहुंच? ट्रंप बोले- इंडोनेशिया जैसी भारत से भी होगी डील, बयान के क्या हैं मायने?
India-US Trade Deal: अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील अब तक फाइनल नहीं हो पाई है। इस बीच ट्रंप का फिर इस पर बड़ा बयान आया। इंडिनेशिया संग समझौते का ऐलान करते हुए उन्होंने भारत संग डील को लेकर बड़ा बयान दिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Donald Trump on India-US Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई देशों पर टैरिफ बम फोड़ चुके हैं। इस बीच भारत और अमेरिका के बीच होने वाली संभावित ट्रेड डील का ऐलान अब तक नहीं हुआ है। दोनों देशों के लिए इस पर बातचीत भी हुई, लेकिन इस पर फाइनल मुहर नहीं लगी। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप का भारत संग ट्रेड डील पर एक बार फिर बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द हमारी पहुंच भारतीय बाजारों तक होगी।
ट्रेड डील को लेकर भारत और अमेरिका के बीच फिर से वार्ता शुरू हो है। इसके लिए अधिकारियों का एक दल अमेरिका पहुंच गया है। करीब एक हफ्ते तक यह वार्ता चलने की संभावना है।
ट्रंप ने किया इंडोनेशिया संग डील का ऐलान
इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इंडोनेशिया संग ट्रेड डील का ऐलान किया। साथ ही वे भारत संग होने वाले समझौते को लेकर भी फिर बयान देते नजर आए। उन्होंने कहा, "हमने इंडोनेशिया के साथ एक समझौता किया है। मैंने उनके बहुत अच्छे राष्ट्रपति से बात की और हमने समझौता कर लिया। हमें इंडोनेशिया की हर चीज़ तक पूरी पहुंच है। जैसा कि आप जानते हैं, इंडोनेशिया तांबे के मामले में बहुत मजबूत है, लेकिन हमें हर चीज तक पूरी पहुंच है। हम कोई शुल्क नहीं देंगे। वे हमें इंडोनेशिया में प्रवेश दे रहे हैं, जो हमें पहले कभी नहीं मिला। शायद यही इस समझौते का सबसे बड़ा हिस्सा है।"
भारत संग समझौते पर क्या बोले?
राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा, "भारत के साथ भी इसी दिशा में काम कर रहे है। हमें भारत में प्रवेश मिलेगा। आपको समझना होगा कि इनमें से किसी भी देश तक हमारी पहुंच नहीं थी। हमारे लोग वहां नहीं जा सकते थे और अब हमें प्रवेश मिल रहा है क्योंकि हम शुल्कों के जरिए ऐसा कर रहे हैं।
Advertisement
इंडोनेशिया संग समझौते का ऐलान करते हुए ट्रंप ने यह भी बताया कि अब वहां से आने वाले सामानों पर 19% टैरिफ लगाया जाएगा। हम एक पैसे का टैक्स नहीं देंगे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने चिट्ठी भेजकर कई देशों पर भारी भरकम टैक्स लगाने का ऐलान किया था। इसमें इंडोनेशिया भी शामिल था, जिसे 32% टैरिफ की चेतावनी दी गई थी। इस बीच दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता हो गया है।
कहां अटक रही ट्रेड डील पर बात?
बात भारत की करें तो राष्ट्रपति ट्रंप कई बार बयान दे चुके हैं कि भारत के साथ ट्रेड डील होने वाली है, लेकिन अब तक इस पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। बताया जा रहा है कि यह डील कृषि और डेयरी क्षेत्र से जुड़े विवादों की वजह से उलझी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका चाहता है कि अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत इन क्षेत्रों को खोले, जबकि भारत किसानों के हितों से समझौता करने को तैयार नहीं है। हालांकि अगस्त से पहले डील का ऐलान होने की संभावना है। क्योंकि ट्रंप की ओर से तमाम देशों पर लगाया गया टैरिफ 1 अगस्त से लागू होने जा रहा है।