'पहले कभी इतने अच्छे नहीं रहे रिश्ते', जिनपिंग संग ट्रंप की मुलाकात पर बोले रक्षा मंत्री, अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी बताया मीटिंग को 'शानदार'
US- China Relation: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 30 अक्तूबर को साउथ कोरिया के बुसान में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की थी। दोनों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी। जिनपिंग संग मुलाकात को ट्रंप ने शानदार बताया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Donald Trump- Xi Jinping: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के चलते बीते कुछ समय से अमेरिका और चीन के रिश्तों में तनाव देखने को मिला। हालांकि अब इसमें दोनों देशों के संबंध सुधरते दिख रहे हैं। इसी सिलसिले में बड़ा कदम आगे बढ़ाते हुए हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच 6 साल बाद आमने-सामनुे मुलाकात हुई। ट्रंप ने इस बैठक को 'शानदार' बताया है।
साउथ कोरिया के बुसान में APEC शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग मिले। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को खास बताते हुए अच्छा दोस्त कहा। इस मुलाकात के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 10 फीसदी कम कर दिया।
जिनपिंग संग मुलाकात पर ट्रंप का पोस्ट
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति संग मुलाकात पर एक और पोस्ट किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, "चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरी G2 बैठक हमारे दोनों देशों के लिए बहुत अच्छी रही। यह बैठक स्थायी शांति और सफलता की ओर ले जाएगी। ईश्वर चीन और अमेरिका दोनों का भला करे।"
'अमेरिका-चीन रिश्तों की नई शुरुआत'
इस मुलाकात के बाद अमेरिका के युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने दोनों देशों के संबंधों को लेकर नई उम्मीदें जताईं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच संबंध पहले कभी इतने अच्छे नहीं रहे। साउथ कोरिया में राष्ट्रपति ट्रंप की चेयरमैन शी जिनपिंग के साथ ऐतिहासिक मुलाकात के बाद मलेशिया में मेरी अपने समकक्ष चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून के साथ भी उतनी ही सकारात्मक मुलाकात हुई। हेगसेथ ने कहा कि हम इस बात पर सहमत हैं कि शांति, स्थिरता और अच्छे संबंध हमारे लिए बेहतर रास्ते हैं।
Advertisement
उन्होंने बताया कि मैं और एडमिरल डोंग इस बात पर सहमत हुए हैं कि हमें किसी भी तरह की समस्या और तनाव को कम करने के लिए मिलिट्री-टू-मिलिट्री चैनल स्थापति करने चाहिए।
मीटिंग में क्या क्या हुआ?
ट्रंप और जिनपिंग की मुलाकात के दौरान दोनों में एक साल के व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इस पर जल्द ही साइन होंगे। वहीं बैठक को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया था कि मीटिंग में टैरिफ और फेंटेनाइल पर भी बात हुई। चीन के फेंटेनाइल के मुद्दे पर कार्रवाई करने की सहमति जताई है। वहीं, अमेरिका ने चीन के निर्यात पर लगे 57 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 47 प्रतिशत कर दिया। टैरिफ में 10 प्रतिशत की कटौती हुई। व्यापार समझौते के तहत चीन ने सोयाबीन और दूसरे अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद को लेकर भी सहमति जताई।