अपडेटेड 14 February 2025 at 05:38 IST
तहव्वुर राणा की अब खैर नहीं, मुंबई आतंकी हमले के साजिशकर्ता को भारत भेजेगा अमेरिका- डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान
अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 25 जनवरी 2024 को मुंबई हमले के दोषी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी थी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की अमेरिका की यात्रा पर है। इस दौरान उन्होंने 14 फरवरी (भारतीय समायनुसार शुक्रवार सुबह) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मेरे प्रशासन ने भारत में न्याय का सामना करने के लिए 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के साजिशकर्ताओं में से एक (तहव्वुर राणा) के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। वह न्याय का सामना करने के लिए भारत वापस जा रहा है।
अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 25 जनवरी 2024 को मुंबई हमले के दोषी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी थी। अदालत ने इस मामले में उसकी दोषसिद्धि के खिलाफ समीक्षा याचिका खारिज कर दी थी। गौरतलब है कि तहव्वुर राणा को 2009 में FBI ने गिरफ्तार किया था। पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक राणा 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में वांटेड है।
मास्टर माइंड हेडली का मदद कर रहा था राणा
मुंबई हमले की चार्जशीट के मुताबिक राणा हमले के मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी डेविड कोलमैन हेडली की मदद कर रहा था। वो ISI और लश्कर-ए-तैयबा का मेंबर है। आपको बता दें कि पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी राणा पर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। इसमें 20 सुरक्षाकर्मियों और 26 विदेशियों सहित 174 लोग मारे गए थे। 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के ताज होटल में हुए आतंकी हमलों में 300 से अधिक लोग घायल भी हुए थे।
Advertisement
राणा पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का भी करीबी साथी था, जिसने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकवादियों के संभावित लक्ष्यों की टोह ली थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) अमेरिका से राणा के जल्द प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है। अमेरिकी अदालत के फैसले के बाद भारत 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा के आत्मसमर्पण की व्यवस्था पर काम करने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है, क्योंकि उसने अमेरिका में 'सभी कानूनी रास्ते खत्म कर दिए हैं'।
Advertisement
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 14 February 2025 at 05:38 IST