अपडेटेड 10 January 2026 at 09:30 IST
'मैंने बचाई 1 करोड़ जानें, मुझे ही मिलना चाहिए नोबेल शांति पुरस्कार', Donald Trump ने फिर दोहराया अपना पुराना राग
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दावा किया कि उन्होंने 8 युद्ध रोके, जिसमें भारत-पाकिस्तान का 2025 का संकट शामिल है। ट्रंप का कहना है कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर खुदके लिए नोबेल शांति पुरस्कार की वकालत की है। अपनी दलील में उन्होंने 8 युद्ध खत्म कराने का दावा किया है और कहा कि एक भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बड़ा युद्ध भी शामिल है।
डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि उन्होंने बिना परमाणु हथियार इस्तेमाल के भारत-पाकिस्तान युद्ध को बहुत तेजी से रोक दिया और इसीलिए उन्हें इतिहास में सबसे ज्यादा नोबेल शांति पुरस्कार का हकदार माना जाना चाहिए।
ट्रंप ने क्या-क्या कहा?
हाल ही में व्हाइट हाउस में अमेरिकी तेल उद्योग के नेताओं से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा-
"...मैंने 8 युद्ध खत्म किए... उनमें से कुछ तो बस शुरू होने वाले थे, जैसे भारत और पाकिस्तान, जहां पहले ही 8 जेट विमान मार गिराए जा चुके थे। मैंने इसे बहुत तेजी से खत्म कर दिया, बिना न्यूक्लियर हथियार इस्तेमाल के। मुझे इतिहास में कोई ऐसा नहीं दिखता जिसे मुझसे ज्यादा नोबेल पीस प्राइज का हकदार माना जाए। किसी और ने इतने युद्ध नहीं रोके।"
ट्रंप ने आगे कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने व्हाइट हाउस आकर सार्वजनिक रूप से बयान दिया था कि "राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान और भारत के बीच 10 मिलियन (एक करोड़) लोगों की जान बचाई", क्योंकि वो युद्ध बहुत भयानक होने वाला था।
Advertisement
भारत ने पाकिस्तान को घुसकर मारा
यह पूरा मामला 2025 में हुए भारत-पाकिस्तान के बीच एक गंभीर सैन्य तनाव से जुड़ा हुआ है। अप्रैल 2025 में पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें कई लोग मारे गए। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जिसमें पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमले किए गए।
पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की और दावा किया कि उसने भारतीय वायुसेना के कई आधुनिक लड़ाकू विमान मार गिराए। अलग-अलग रिपोर्ट्स में 5 से 8 जेट गिराए जाने की बात कही गई, लेकिन पाकिस्तान कभी इसका कोई सबूत पेश नहीं कर पाया। भारत की सेना ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई एयर बेस को बहुत भारी नुकसान पहुंचाया था। जिनकी कई महीने बाद भी मरम्मत नहीं हो सकी।
Advertisement
पाकिस्तान ने भारत से की शांति की अपील
दोनों देशों के बीच हवाई लड़ाई हुई, सीमा पर गोलीबारी बढ़ी और स्थिति बहुत गंभीर हो गई। दोनों ही देश परमाणु शक्ति संपन्न हैं, इसलिए पूरी दुनिया चिंतित थी कि कहीं बड़ा युद्ध न छिड़ जाए। ट्रंप ने बार-बार दावा किया कि उनके दबाव खासकर व्यापार और टैरिफ की धमकी से दोनों देशों ने युद्ध नहीं बढ़ाया। उन्होंने इसे अपनी बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है, लेकिन भारत इससे साफ इनकार करता है। पाकिस्तान ने भारत से शांति की अपील की थी।
यह दावा ट्रंप पिछले कई महीनों से करीब 70 बार दोहरा चुके हैं। भारत की तरफ से हमेशा कहा गया है कि ये द्विपक्षीय मामला है और किसी तीसरे देश की जरूरत नहीं पड़ी। ट्रंप का यह बयान एक तरह से उनकी पुरानी आदत को दिखाता है। वे अपनी उपलब्धियों को बहुत बड़े पैमाने पर पेश करते हैं और नोबेल शांति पुरस्कार की मांग भी पहले कई बार कर चुके हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 10 January 2026 at 09:30 IST