अपडेटेड 19 April 2025 at 11:52 IST
फिर खुली COVID-19 फाइल, डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को ठहराया जिम्मेदार, लैब लीक की थ्योरी... जाने वेबसाइट में किन 10 बिंदु का जिक्र
डोनाल्ड ट्रंप ने कोविड-19 महामारी के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया और WHO के साथ बिडेन प्रशासन की आलोचना की। जानिए इस नई बहस के पीछे की पूरी कहानी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Trump Administration Covid-19 China: कोरोना वायरस की भयावह लहर को गुजरे भले ही पांच साल हो गए हों, लेकिन इसकी गूंज आज भी सुनाई दे रही है। क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चीन को कोविड-19 महामारी का मुख्य दोषी बता दिया है। व्हाइट हाउस की ओर से हाल ही में एक वेबसाइट lab leak true origins of covid 19 लॉन्च की गई है, जिसमें न सिर्फ वायरस की उत्पत्ति को लेकर चीन की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं, बल्कि पूर्व राष्ट्रपति जो बिडेन, WHO समेत अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारी एंथनी फाउची को भी निशाने पर लिया गया। ट्रंप प्रशासन यही नहीं रूका उसने सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और लॉकडाउन जैसे उपायों की भी कड़ी आलोचना की है। 10 प्वाइंट में समझे पूरी कहानी।
ट्रंप की नई वेबसाइट ने मचाया सियासी तूफान
हाल ही में व्हाइट हाउस द्वारा जारी की गई एक वेबसाइट ने कोरोना से जुड़ी पुरानी फाइलों को फिर से खोल दिया है। वेबसाइट में महामारी से जुड़ी नीतियों, उनके प्रभाव और स्रोतों की गहराई से समीक्षा की गई है।
चीन पर लैब लीक का आरोप
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कोरोनावायरस की उत्पत्ति वुहान की एक लैब से हुई थी। इस बात को CIA जैसे खुफिया संगठनों ने भी आंशिक समर्थन दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसमें संदेह की गुंजाइश बनी हुई है। यह आरोप चीन को वैश्विक स्तर पर कठघरे में खड़ा करता है।
बिडेन, फाउची और WHO पर निशाना
वेबसाइट में पूर्व राष्ट्रपति जो बिडेन की नीतियों को कमजोर बताया गया है। एंथनी फाउची पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया गया है और WHO की भूमिका को निष्क्रिय और राजनीतिक बताया गया है।
Advertisement
सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन पर उठे सवाल
महामारी के दौरान लागू किए गए नियमों पर भी ट्रंप प्रशासन ने सवाल उठाए हैं। वेबसाइट के अनुसार, इन नियमों ने जनता की आजादी को सीमित किया और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया।
ट्रंप ने लॉकडाउन का विरोध किया
डोनाल्ड ट्रंप पहले दिन से लॉकडाउन के विरोध में रहे हैं। उन्होंने इसे अनावश्यक और नुकसानदेह बताया और कहा कि इससे जनता को ज्यादा नुकसान हुआ।
Advertisement
मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की आलोचना
ट्रंप समर्थकों ने मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग को अति-प्रतिक्रिया बताया है। उनका मानना है कि सही जानकारी के बिना इन नियमों को अनिवार्य किया गया।
ट्रंप और WHO के रिश्तों की दरार
डब्ल्यूएचओ से अमेरिका के रिश्ते ट्रंप के कार्यकाल में काफी खराब हुए। उन्होंने WHO पर चीन के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया था।
WHO की भूमिका पर सवाल
ट्रंप का कहना है कि WHO ने चीन की जानकारी को बिना जांच के आगे बढ़ाया, जिससे पूरी दुनिया भ्रमित हुई।
अमेरिका की फंडिंग वापसी की प्रक्रिया
ट्रंप प्रशासन ने WHO को दी जाने वाली अमेरिकी सहायता को भी रोक दिया, जो कि एक बड़ा कदम था।
चीन का क्या कहना है?
कोविड को लेकर चीन की सरकार का कहना है कि वह कोविड-19 की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए खोज का समर्थन करती है और उसमें हिस्सा भी लिया है। हालांकि चीन का यह भी मानना है कि अमेरिका इस मामले का राजनीतिकरण कर रहा है और इसकी बड़ी वजह अमेरिकी खुफिया एजेंसियां हैं। चीन के मुताबिक इस दावे में कोई विश्वसनीयता नहीं है कि लैब में लीक के कारण महामारी फैल सकती है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 19 April 2025 at 11:52 IST