UAE के डिप्टी पीएम शेख हमदान ने फ्लाईदुबई के जांबाज पायलट से की मुलाकात, अस्पताल पहुंचकर जाना हाल; माथा चूम बोले- हमें आप पर गर्व है
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनके साहस और लोगों की जान बचाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

UAE Deputy PM Met Captain Smit Machchhar: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के डिप्टी पीएम शेख हमदान बिन मोहम्मद ने अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने फ्लाईदुबई पायलट के अदम्य साहस और बहादुरी की दिल खोलकर तारीफ की।
UAE डिप्टी PM शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने इस मुलाकात की तस्वीरों को सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात, जो फ्लाईदुबई के पायलट हैं और जिन्होंने हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी की परवाह की बेहतरीन मिसाल पेश की है। हमारे और देश के नेतृत्व की तरफ से उन्हें पूरी तारीफ और सराहना मिलती है।'
आप हमारे देश की कहानी का हिस्सा- शेख हमदान
उन्होंने आगे कहा, 'हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं। हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं। और उस चीज का हिस्सा हैं जिसके लिए UAE जाना जाता है। एक ऐसा देश जो दयालुता, शांति और जीवन को महत्व देता है।'
दुबई क्राउन प्रिंस ने चूमा कैप्टन का माथा
अब इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल नजर आ रहे हैं। उनके सिर और हाथ पर पट्टी बंधी हुई है। इस दौरान उन्होंने कैप्टन मच्छार के माथे को चूमा। अस्पताल के कमरे से आई इन तस्वीरों में शेख हमदान मच्छार का हौसला बढ़ाते और उनसे आत्मीयता से बातचीत करते दिखाई दिए।
Advertisement
UAE में भारतीय दूतावास ने दिया हेल्थ अपडेट
इससे पहले यूएई में भारतीय दूतावास ने भारत के बहादुर कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य पर अहम जानकारी दी। दूतावास ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'भारतीय बहादुर कैप्टन स्मित की बेहतरीन मेडिकल देखरेख हो रही है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। हम उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और उनके जल्द ठीक होने के लिए हर संभव मदद कर रहे हैं।'
दूतावास ने स्मित मच्छार की देखभाल के लिए UAE सरकार का आभार भी व्यक्त किया। दूतावास ने साथ ही उन सभी लोगों का धन्यवाद दिया जो उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।