'कमाल कर दिया पायलट जी...', सलमान खान से लेकर रणवीर सिंह तक, कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर फिदा हुआ बॉलीवुड
बॉलीवुड सेलेब्स कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी के कायल हो गए और खुद को उनकी सराहना करने से रोक नहीं पाए। जानें किसने क्या कुछ कहा...
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Bollywood Reacted on Captain Smit Machchhar bravery: फ्लाईदुबई कॉकपिट हमले में 174 जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार के अदम्य साहस और बहादुरी ने न केवल देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है, बल्कि बॉलीवुड हस्तियों को भी उनका मुरीद बना दिया है। सलमान खान से लेकर रणवीर सिंह तक ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की है। साथ ही उन्हें असली हीरो बताया है।
बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान ने कैप्टन स्मित मच्छार की दिल खोलकर तारीफ की है। उन्होंने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा, 'कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं। आपके साथ उड़ान भरने में खुशी होगी... बहुत बढ़िया भाई… कैप्टन #स्मित मच्छार।'
रणवीर-विक्की भी मच्छार की बहादुरी के कायल
'धुरंधर' फेम एक्टर रणवीर सिंह और 'छावा' फेम विक्की कौशल भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी के कायल हो गए और खुद को उनकी सराहना करने से रोक नहीं पाए। रणवीर सिंह ने कैप्टन की तस्वीर शेयर करते हुए बैकग्राउंड में अपनी फिल्म 'धुरंधर 2' का गाना 'जान से गुजरते हैं' जोड़ा और उन्हें 'कैप्टन करेजियस' (साहसी कैप्टन) कहकर सम्मानित किया। वहीं, विक्की कौशल ने भी भारतीय तिरंगे और सैल्यूट वाले इमोजी के साथ 'ब्रेवहार्ट! कैप्टन स्मित मच्छार' लिखकर उनके पराक्रम को नमन किया।
अहम समय पर सूझबूझ का परिचय दिया- सनी देओल
बॉलीवुड के एक्शन हीरो सनी देओल ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'कैप्टन स्मित मच्छार, सबसे अहम समय पर आपने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। आपने एक बड़ी दुर्घटना को टालने और लोगों की जान बचाने में मदद की। आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बहुत बढ़िया, स्मित! भारत को आपकी बहादुरी और कर्तव्य के प्रति समर्पण पर गर्व है। आपको सलाम।'
Advertisement
बहादुरी कभी भुलाई नहीं जाती- सुनील शेट्टी
सुनील शेट्टी ने कहा, 'बहादुरी अक्सर खामोश होती है, लेकिन कभी भुलाई नहीं जाती। कैप्टन स्मित मच्छार और उस मुश्किल घड़ी में आगे आने वाले हर व्यक्ति ने अद्भुत संयम, सूझ-बूझ और साहस का परिचय दिया। गहरा सम्मान। उन्हें सच्चा सलाम।'
आपने जिन हालातों का सामना किया वो अद्भुत- देवरकोंडा
साउथ एक्टर विजय देवरकोंडा ने X पर लिखा, 'भगवान आपकी रक्षा करें और आप पर कृपा बनाए रखे, कैप्टन। आपने जिस और उस फ्लाइट में मौजूद बाकी सभी लोगों ने भी जिस स्थिति का सामना किया और जो कुछ किया, वह वाकई अद्भुत है।'
Advertisement
फ्लाईदुबई की कॉकपिट में क्या हुआ था?
स्मित ने 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रहे प्लेन की हाइजैकिंग के मंसूबे को नाकाम कर दिया था। ओमानी को-पायलट ने फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर स्मित मच्छार को चाकू मारा, जिसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए प्लेन क्रैश नहीं होने दिया। स्मित के मुताबिक, वे विमान उड़ा रहे थे और एक झटके के बाद नीचे गिर गए, जिससे काफी चोटें आईं। उन्हें महसूस हो रहा था कि विमान नीचे जा रहा है। स्मित ने पीएम मोदी से बातचीत में कहा कि उन्हें मालूम था कि यह आखिरी मौका है। दरवाजा वहीं था और उन्होंने उसे खोल दिया। उन्होंने बताया कि वे मुश्किल समय में हनुमान चालीसा पढ़ते हैं और उस समय भी पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें मालूम है कि सभी को भगवान ने ही बचाया है।