नेपाल से सबसे बड़ी खबर, सुशीला कार्की के नाम पर मुहर, बनेंगी अंतरिम प्रधानमंत्री; आज ही लेंगी शपथ
Sushila Karki: नेपाल में केपी ओली सरकार के तख्तापलट के बाद अंतरिम पीएम को लेकर पूर्व जज सुशीला कार्की का नाम कंफर्म हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज रहीं सुशीला कार्की अब नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बनेंगी। आज रात 8.30 बजे राष्ट्रपति भवन में सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में पद की शपथ लेंगी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Sushila Karki: नेपाल में केपी ओली सरकार के तख्तापलट के बाद अंतरिम पीएम को लेकर पूर्व जज सुशीला कार्की का नाम कंफर्म हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज रहीं सुशीला कार्की अब नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बनेंगी। आज रात 8.30 बजे राष्ट्रपति भवन में सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में पद की शपथ लेंगी।
मालूम हो कि बीते सोमवार को नेपाल में जेन जी-युवाओं ने सोशल मीडिया बैन और केपी ओली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। सोमवार शाम होते ही यह प्रदर्शन हिंसक रूप ले लिया था। तब 19 लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद यह प्रदर्शन और भी तेज हो गया था। आज इसका पांचवां दिन रहा। अब अंतरिम सरकार के आने से नेपाल में शांति की बहाली की उम्मीद है।
कौन हैं सुशीला कार्की ?
सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं। उनका जन्म 7 जून 1952 को बिराटनगर में हुआ था। उन्होंने नेपाल की त्रिभुवन यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री ली। इससे पहले उन्होंने भारत के बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से मास्टर्स की डिग्री ली थी। 1979 में सुशीला कार्की ने वकालत शुरू की थी। इसके बाद 2007 में उन्हें सीनियर एडवोकेट बनाया गया।
2009 में सुशीला को नेपाल सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता न्यायाधीश बनीं और फिर 2010 में उन्हें परमानेंट कर दिया गया। इसके बाद 11 जुलाई 2016 से लेकर 6 जून 2017 तक उन्होंने नेपाल की मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाला। बताया जाता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार के कई मुद्दों पर कड़ी कार्रवाई की है। 2017 में राजनीतिक दलों ने उनके खिलाफ कार्यपालिका में हस्तक्षेप का आरोप लगाया और उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया गया। सुशीला कार्की के पास उस वक्त भी इतना जन समर्थन था कि ये प्रस्ताव वापस लेना पड़ा।
Advertisement
नेपाल हिंसा में अब तक 51 लोगों की जा चुकी है जान
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन ने पूरी दुनिया की नजरों को अपनी ओर खींच लिया है। नेपाल में जेन जी (युवाओं) के द्वारा सोमवार से जारी प्रदर्शन का आज पांचवां दिन है। इस हिंसक प्रदर्शन के बीच केपी शर्मा ओली को अपने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था और उनकी सरकार चली गई थी। इनके अलावा कई मंत्रियों ने भी इस्तीफा दिया था। वहीं, इस हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, प्रधानमंत्री आवास, राष्ट्रपति भवन, कई मंत्रियों के घर और होटल्स में आग लगा दी थी।
इस हिंसक प्रदर्शन में जान गंवाने वालों को लेकर नेपाल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आंकड़ा जारी किया है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंत्रालय ने बताया है कि इस हिंसक प्रदर्शन में अब तक मरने वालों की संख्या 51 हो चुकी है। इनमें से 30 लोगों की जान गोली लगने से गई है। वहीं, बाकी के 21 लोगों की मौत चोट लगने, हिंसा में जलने और मार-पीट के बीच घाव लगने से हुई है। बताया गया कि इन मरने वालों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। एक भारतीय महिला की भी मौत की खबर है।