अपडेटेड 13 February 2025 at 18:32 IST
कौन हैं विवेक रामास्वामी? जिन्होंने US राष्ट्रपति चुनाव में बटोरी थीं सुर्खियां, अब PM Modi करेंगे मुलाकात
PM मोदी टेस्ला के CEO एलन मस्क और भारतीय-अमेरिकी उद्यमी एवं राजनीतिज्ञ विवेक रामास्वामी से मुलाकात करेंगे। विवेक रामास्वामी के साथ PM द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PM Modi Visit to US : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर वाशिंगटन डीसी पहुंच गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप के पिछले महीने दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली द्विपक्षीय वार्ता होगी। पीएम मोदी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। दोनों नेता अपने लोगों के लाभ और बेहतर भविष्य के लिए इस बैठक में चर्चा करेंगे।
PM मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति के गेस्ट हाउस ‘ब्लेयर हाउस’ में ठहरे हुए हैं। कड़ाके की ठंड और बारिश के बावजूद भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों ने ‘ब्लेयर हाउस’ में पहुंचने पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। मोदी और ट्रंप की मुलाकात भारतीय समय के अनुसार रात 2:30 बजे व्हाइट हाउस में होगी। व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी के सम्मान में डिनर भी आयोजित किया है।
दोनों नेताओं की मुलाकात दिखा रही भारत की साख
प्रधानमंत्री मोदी पिछले महीने डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद उनसे मुलाकात करने वाले चौथे विदेशी नेता हैं। ट्रंप इससे पहले
- बेंजामिन नेतन्याहू, प्रधानमंत्री, इजरायल
- शिगेरू इशिबा, प्रधानमंत्री, जापान
और जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात कर चुके हैं। यह दिखाता है कि भारत की साख का लोहा वैश्विक स्तर पर पूरी दुनिया मान रही है।
Advertisement
विवेक रामास्वामी से मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पहले पीएम मोदी टेस्ला के CEO एलन मस्क और भारतीय-अमेरिकी उद्यमी और राजनीतिज्ञ विवेक रामास्वामी से भी मुलाकात करेंगे। भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी के साथ पीएम मोदी द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
कौन हैं विवेक गणपति रामास्वामी?
विवेक गणपति रामास्वामी भारतीय मूल के एक अमेरिकी उद्यमी और राजनीतिज्ञ हैं, जिनका जन्म 9 अगस्त 1985 में भारतीय अप्रवासी माता-पिता के घर सिनसिनाटी, ओहियो में हुआ था। रामास्वामी के माता-पिता भारत के केरल से हैं। विवेक ने जीवविज्ञान में अपनी स्नातक हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और लॉ की डिग्री येल लॉ स्कूल से की है। 2014 में उन्होंने फार्मास्युटिकल कंपनी रोइवेंट साइंसेज की स्थापना की थी।
Advertisement
विवेक रामास्वामी के पिता वी गणपति रामास्वामी पेश से इंजीनियर हैं, जबकि उनकी माता गीता रामास्वामी मनोचिकित्सक हैं। उनके माता-पिता केरल से अमेरिका चले गए थे। सिनसिनाटी, ओहियो में जन्मे और पले-बढ़े, भारतीय मूल के उद्यमी राष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी थे। फरवरी 2023 में विवेक रामास्वामी उस वक्त चर्चा में आई, जब उन्होंने 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवारी की घोषणा की थी। बाद में उन्होंने अपना समर्थन डोनाल्ड ट्रंप को दे दिया था, क्योंकि वो आयोवा कॉकस में चौथे नंबर पर रहे थे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 13 February 2025 at 18:32 IST