Iran US War: अगले 48 घंटे तक घर के अंदर रहें... भारत सरकार ने जारी कर दी एडवाइजरी, ईरान पर ट्रंप की 'तबाही' से पहले दूतावास का अलर्ट
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी कि वे अगले 48 घंटों तक जहां हैं, वहीं रहें।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी कि वे अगले 48 घंटों तक जहां हैं, वहीं रहें। घर के अंदर ही रहें। और बिजली और सैन्य प्रतिष्ठानों के साथ-साथ बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें।
इसके अलावा दूतावास द्वारा व्यवस्थित होटलों में ठहरे लोगों से कहा गया है कि वे अपने कमरों के भीतर ही रहें और वहां मौजूद टीमों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। वहीं, सभी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे आधिकारिक अपडेट्स पर बारीकी से नजर रखें, क्योंकि आपातकालीन हेल्पलाइनें अभी भी चालू हैं।
बहरीन में अमेरिकी दूतावास का अलर्ट
बहरीन में अमेरिकी दूतावास ने अमेरिकियों को 'शेल्टर इन प्लेस' (सुरक्षित जगह पर रहने) की सलाह दी है, क्योंकि वह मध्य-पूर्व में हालात पर बारीकी से नजर रख रहा है। दूतावास ने अमेरिकी सरकार के सभी कर्मचारियों को घर के अंदर रहने का निर्देश दिया है और नागरिकों को भी अगली सूचना तक ऐसा ही करने की सलाह दी है।
दूतावास ने लोगों से सुरक्षित इमारतों में रहने, खिड़कियों से दूर रहने और भोजन, पानी और दवाइयों जैसी जरूरी चीजें अपने पास रखने का आग्रह किया है। साथ ही, दूतावास ने अपनी सभी नियमित कांसुलर सेवाओं को निलंबित करने की घोषणा की है और नागरिकों से अपडेट के लिए अपने ईमेल चेक करते रहने को कहा है।
Advertisement
'नियंत्रण से बाहर हो सकती है स्थिति'
कतर ने मंगलवार को चेतावनी दी कि यह क्षेत्र एक ऐसे मोड़ के करीब है, जहां स्थिति "नियंत्रण से बाहर हो सकती है।"
अमेरिकी मीडिया के पूछे जाने पर कि क्या कतर को लगता है कि अमेरिका की तय समय सीमा से पहले इस युद्ध को शांत किया जा सकता है, कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने कहा: "हम सभी पक्षों से लगातार आग्रह कर रहे हैं कि वे इस युद्ध का कोई समाधान निकालें, इससे पहले कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाए।"