सड़क पर बैठा, पहले फेंका स्मोक ग्रेनेड और शुरू करदी चाकूबाजी, जो भी आया सामने उसी पर किया हमला, दहल उठी ताइवान की राजधानी
ताइवान की राजधानी ताइपे में सामूहिक चाकू हमले में कम से कम चार लोग मारे गए और कई घायल हुए। हमलावर ने ताइपे मेन मेट्रो स्टेशन पर धुएं के ग्रेनेड फेंके और चाकू से हमला किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
ताइवान की राजधानी ताइपे में 19 दिसंबर की शाम एक शख्स ने चाकू और स्मोक ग्रेनेड से सड़क पर चल रहे लोगों पर हमला कर दिया है। इस हमले में कम से चार लोग की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर है। हमलावर ने पहले धुएं के ग्रेनेड फेंककर अफरा-तफरी मचाई और फिर चाकू से लोगों पर हमला किया। ताइवान में हिंसक अपराध बेहद कम होते हैं।
ये हमला ताइपे मेन स्टेशन से शुरू हुआ, जहां बीच सड़क से हमलावर ने लोगों पर धुएं के ग्रेनेड फेंके। इसके बाद वह पास के जोंगशान शॉपिंग डिस्ट्रिक्ट की ओर भागा और रास्ते में लोगों पर चाकू से हमला करता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में हमलावर को काले कपड़े, मास्क और सुरक्षा गियर पहने देखा गया। वह बैग से धुएं के ग्रेनेड निकालकर फेंकता और लंबे चाकू से लोगों पर वार करता दिखाई दिया।
4 लोगों की मौत और कई घायल
स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में धुएं से अफरा-तफरी मच गई। लोग इमारतों से बाहर निकले और कई ने पास की दुकानों में घुसकर जान बचाई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मारे गए लोगों की संख्या कम से कम चार बताई जा रही है। इनमें से एक व्यक्ति ताइपे मेन स्टेशन के अंदर हमले को रोकने की कोशिश में मारा गया। कई लोग घायल हुए, जिनमें चाकू के घाव और धुएं से सांस की तकलीफ शामिल है।
हमलावर की मौत
हमलावर 27 साल युवक था, जो ताइवान के उत्तर-पश्चिमी के शहर ताओयुआन का रहने वाला था। वो एयर फोर्स का स्वयंसेवी सैनिक रहा था और 2022 में डिस्चार्ज हो गया था। उसका आपराधिक रिकॉर्ड था और सैन्य सेवा से बचने का वारंट जारी था। ताइवान के प्रधानमंत्री ने इसे जानबूझकर किया गया हमला बताया है, हालांकि हमले का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है। हमले के बाद पुलिस ने हमलावर का पीछा किया, इसी दौरान एक इमारत से गिरकर उसकी मौत हो गई।