अपडेटेड 27 March 2026 at 10:26 IST

स्पर्म व्हेल के जन्म का दुर्लभ वीडियो, 11 व्हेलों ने प्रसव के दौरान की मां की मदद, वीडियो देख वैज्ञानिक हैरान

वैज्ञानिकों ने कैरिबियन सागर में स्पर्म व्हेल के जन्म का अनोखा वीडियो कैद किया है। जिसमें 11 मादा व्हेलें मिलकर बच्चे को जन्म दिलाने और सांस लेने में मदद कर रही थीं। पानी के ऊपर बच्चे को सहारा देकर तैरना सिखाया। यह पहला मौका है जब इतनी साफ तस्वीरों में व्हेल का जन्म देखा गया।

Scientists captured Rare video of a sperm whale giving birth Female whales help raise their baby
स्पर्म व्हेल के जन्म का दुर्लभ वीडियो | Image: AP

वैज्ञानिकों ने समुद्र में स्पर्म व्हेल के जन्म का बहुत ही दुर्लभ वीडियो रिकॉर्ड किया है। यह वीडियो 2023 में कैरिबियन सागर में डोमिनिका द्वीप के पास लिया गया था। ड्रोन कैमरे की मदद से वैज्ञानिकों ने देखा कि जब एक मादा स्पर्म व्हेल बच्चे को जन्म दे रही थी, तो दूसरे परिवार की मादा व्हेलें उसके साथ मिलकर मदद कर रही थीं।

कुल 11 व्हेलें इस मौके पर इकट्ठी हुईं, जिनमें ज्यादातर मादाएं थीं। जन्म की ये पूरी दुर्लभ प्रक्रिया करीब 30 मिनट तक चली। बच्चा पैदा होने के बाद, मादा व्हेलें उसे पानी के ऊपर उठाकर रखती रहीं, ताकि वह सांस ले सके और खुद तैरना सीख सके। जन्म के कई घंटों तक जोड़े में व्हेलें इस बच्चे को सहारा देती दिखी।

स्पर्म व्हेल के जन्म का यह फुटेज दिखाता है कि कैसे मादा स्पर्म व्हेलें दो परिवारों से आकर एक साथ काम करती हैं, प्रसव के दौरान मां की मदद करती हैं और नवजात व्हेल को पानी की सतह पर उठाकर उसकी रक्षा करती हैं।

गहरे समुद्र में रहती हैं स्पर्म व्हेल

दरअसल, स्पर्म व्हेल बहुत गहरे समुद्र में रहती हैं और ज्यादातर समय पानी के नीचे रहती हैं। इसलिए उनका जन्म देखना बेहद मुश्किल होता है। पिछले 60 सालों में ऐसे जन्म के सिर्फ कुछ ही मामले दर्ज हुए हैं, और वे भी बिना वीडियो के थे।

Advertisement

स्पर्म व्हेल पृथ्वी पर सबसे बड़े दांत वाले जानवरों में से एक हैं। उनका जन्म देखना वैज्ञानिकों के लिए बहुत खास अनुभव था, क्योंकि इससे पता चलता है कि प्रकृति में भी परिवार और समूह कितने महत्वपूर्ण होते हैं।

अलग-अलग तरह की निकाली आवाजें

यह पहली बार है जब ड्रोन और पानी के नीचे के माइक्रोफोन की मदद से इतनी साफ-साफ जानकारी मिली है। वैज्ञानिकों ने देखा कि जन्म के महत्वपूर्ण समय में व्हेलें अलग-अलग तरह की आवाजें निकाल रही थीं, जो शायद एक-दूसरे से बात करने का तरीका था। वैज्ञानिकों का कहना है कि स्पर्म व्हेलें मादा-नेतृत्व वाली परिवारिक समाज में रहती हैं। यह घटना दिखाती है कि वे मुश्किल वक्त में भी एक-दूसरे की मदद कैसे करती हैं।

Advertisement

यह घटना साल 2023 में कैरिबियन द्वीप डोमिनिका के पास समुद्र में हुई थी। शोधकर्ता वहां व्हेलों के कम्युनिकेशन सिस्टम पर रिसर्च कर रहे थे, जब उन्होंने अचानक 11 व्हेलों को एक साथ सतह पर आते देखा। वे एक-दूसरे की ओर मुंह करके खड़ी थीं, थरथरा रही थीं और गोता लगा रही थीं। शोधकर्ताओं ने तुरंत ड्रोन और अंडरवाटर माइक्रोफोन तैनात कर दिए, जिससे प्रसव की पूरी प्रक्रिया कैद हो गई।

ये भी पढ़ें: ट्रंप का दावा फिर फर्जी? ईरान ने ऊर्जा सुविधाओं पर हमले रोकने के अनुरोध से किया इनकार, शांति वार्ता की कहानी का किया खंडन

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 March 2026 at 10:26 IST