ट्रंप टैरिफ के बीच पुतिन के भारत दौरे की डेट फिक्स, दिसंबर में आएंगे रूसी राष्ट्रपति, और गहरी होगी भारत-रूस की दोस्ती
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का यह भारत दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस से तेल खरीद के कारण भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। इसके साथ ही भारत पर कुल टैरिफ 50% हो गया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Putin India Visit : रूस से तेल खरीदने के कारण नाराज हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। इस बीच क्रेमलिन के वरिष्ठ अधिकारी यूरी उशाकोव ने पुष्टि की है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर में भारत की यात्रा पर आएंगे। इससे पहले चीन में SCO शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात पीएम मोदी से होगी। एससीओ की बैठक पर पूरी दुनिया की निगाह है।
शुक्रवार (29 अगस्त, 2025) को क्रेमलिन ने जानकारी देते हुए बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल के आखिरी में भारत की आधिकारिक यात्रा करेंगे। पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने पुतिन के जल्द भारत आने का संकेत पहले ही दे दिया था।
मजबूत होगी दोस्ती
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस से तेल खरीद के कारण भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। इसके साथ ही भारत पर कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया है। अमेरिका का कहना है कि भारत पर लगा टैरिफ रूस पर दबाव बनाने की कोशिश का हिस्सा है।
बतादें, फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिमी देशों ने रूस की कमाई रोकने के लिए कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। पुतिन की यह यात्रा भारत-रूस के बीच ऐतिहासिक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी, जिसमें रक्षा, ऊर्जा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी। इससे दोनों देशों के संबंध और भी गहरे होंगे।
Advertisement
1 सितंबर को मोदी-पुतिन की मुलाकात
पुतिन के भारत आने से पहले उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 1 सितंबर, 2025 को शंघाई सहयोग संगठन में चीन के तियानजिन में होगी। जहां दोनों नेता इस दौरे की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। भारत ने रूसी तेल खरीद का बचाव करते हुए कहा है कि यह राष्ट्रीय हित और आर्थिक जरूरतों के आधार पर है। 2021 के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा होगा, जो दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
ये भी पढ़ें: Trump Tariff War: ट्रंप टैरिफ पर भारत की तरह जापान के साथ भी अटकी बात? 550 अरब डॉलर निवेश की डील में कहां फंसा पेच