अपडेटेड 27 March 2026 at 08:12 IST

Iran War: ईरान युद्ध से मचेगी कोरोना जैसे तबाही? रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने चेताया, बोले- आगे क्या होगा, किसी को नहीं पता...

US-Israel-Iran War: रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ईरान युद्ध को लेकर कोविड-19 का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष की वजह से कोरोना जैसी स्थिति बन सकती है।

Vladimir Putin
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन | Image: Reuters

Vladimir Putin on Middle East Conflict: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग को करीब एक महीना हो गया है। इस बीच युद्ध थमने के आसार नहीं दिख रहे हैं। अमेरिका और ईरान दोनों अपनी-अपनी शर्तों के साथ सीजफायर चाहते हैं। जंग का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी आने वाले समय में बड़े खतरे को लेकर अलर्ट किया है। उन्होंने कहा है कि इस युद्ध के परिणाम कोरोना महामारी जैसे हो सकते हैं।

‘जो देश संघर्ष में शामिल हैं, वो भी नहीं जानते…’

पुतिन ने यह बात मॉस्को में टॉप ब‍िजनेसमैन से बात करते हुए कही। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि मिड‍िल ईस्‍ट के युद्ध के अंतिम परिणामों की सटीक भविष्यवाणी करना इस समय लगभग असंभव है। उन्होंने कहा कि जो देश इसमें सीधे तौर पर शामिल हैं, वे खुद भी नहीं जानते कि इसका अंजाम क्या होगा। ऐसे में बाकी दुनिया के लिए खतरे का अंदाजा लगाना और भी मुश्किल हो जाता है।

रूसी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि यह युद्ध केवल बमबारी और मिसाइल हमलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी विश्व अर्थव्यवस्था की रीढ़ को तोड़ने वाला है। संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स, उत्पादन प्रक्रियाएं और वैश्विक सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, धातुओं और उर्वरक क्षेत्र पर पड़ रहा है। अगर ये सप्लाई चेन टूटी, तो दुनिया भर में महंगाई का ऐसा तूफान आ सकता है जिसे नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो जाएगा।

कोरोना महामारी से की तुलना

पुतिन ने इस आर्थिक संकट की तुलना कोविड-19 महामारी से की। उन्होंने कहा कि कई एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि युद्ध से बन रहे हालातों की तुलना कोरोना वायरस महामारी से की जा सकती है। कोविड ने बिना किसी अपवाद के हर महाद्वीप और हर क्षेत्र के विकास को ठप कर दिया था।

Advertisement

हमें कोरोना की तरह तैयार रहना होगा- PM मोदी

इससे पहले पीएम मोदी ने संसद को संबोधित करते हुए देशवासियों से इस स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा था। उन्होंने कहा था कि इस युद्ध की वजह से दुनिया में बने हालात का प्रभाव लंबे समय तक रहने की आशंका है। इसलिए हमें तैयार रहना होगा, हमें एकजुट रहना होगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा था कि हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। अब हमें फिर से उसी तरह तैयार रहने की जरूरत है। धीरज, संयम और शांत मन से हर चुनौती का मुकाबला करना है।

Advertisement

अमेरिका और ईरान में सीजफायर की बातचीत को लेकर फिलहाल बात नहीं बन पाई है। अमेरिका अपनी शर्तों, तो ईरान अपनी शर्तों पर सीजफायर चाहता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप प्रशासन की ओर से पाकिस्तान के जरिए ईरान तक 15-सूत्रीय सीजफायर प्लान का प्रस्ताव पहुंचा गया है। वहीं, ईरान ने भी अमेरिका के सामने कई बड़ी मांगें रखी हैं।

यह भी पढ़ें: पहले 48 घंटे, फिर 5 दिन, अब 10 दिन और... ट्रंप ने फिर लिया यू-टर्न, ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले का प्लान टाला

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 27 March 2026 at 08:11 IST