Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध पर तीन दिनों के लिए लगा ब्रेक, राष्ट्रपति पुतिन ने ईस्टर पर सीजफायर का किया ऐलान
Russia Ukraine War: रूस ने तीन साल में पहली बार यूक्रेन के साथ युद्ध रोकने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति पुतिन ने ईस्टर पर तीन दिनों के सीजफायर की घोषणा की।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तीन सालों से जारी युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार जंग को लेकर एक बड़़ा ऐलान किया है। तीन साल में पहली बार दोनों देशों के बीच जारी जंग पर ब्रेक लगने जा रहा है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ईस्टर पर तीन दिनों के लिए युद्ध विराम की घोषणा की है। रूस के विदेश मंत्रालय (एमएफए) की तरफ से सोशल मीडिया प्लटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए ये जानकारी साझा की गई है।
एक वीडियो मैसेज में, राष्ट्रपति पुतिन ने युद्ध विराम की घोषणा की। एक्स पर जारी इस वीडियो पोस्ट में लिखा गया, "रूसी पक्ष आज शाम 06:00 बजे से सोमवार सुबह 00:00 बजे तक ईस्टर युद्ध विराम की घोषणा करता है। यह मानवीय कारणों से किया गया है। मैं इस अवधि के लिए सभी सैन्य अभियानों को बंद करने का आदेश देता हूं।"
रूसी विदेश मंत्रालय के आधिकारिक टेलीग्राम अकाउंट के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने क्रेमलिन में रूस के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव के साथ बैठक के दौरान यह घोषणा की। पोस्ट में कहा गया है, "क्रेमलिन में रूस के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव के साथ बैठक के दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने घोषणा की कि रूसी पक्ष 19 अप्रैल, शाम 06:00 बजे MSK से 21 अप्रैल, सुबह 00:00 बजे MSK तक सभी सैन्य कार्रवाई बंद कर रहा है।"
'यूक्रेनी पक्ष हमारे उदाहरण को फॉलो करेगा…'
टेलीग्राम पर पोस्ट में आगे कहा गया है, "मानवीय उद्देश्यों से प्रेरित होकर, रूसी पक्ष आज शाम 06:00 बजे से सोमवार सुबह 00:00 बजे तक ईस्टर युद्ध विराम की घोषणा करता है। मैं इस अवधि के लिए सभी सैन्य अभियानों को बंद करने का आदेश देता हूं। हम मानते हैं कि यूक्रेनी पक्ष हमारे उदाहरण को फॉलो करेगा। साथ ही, हमारे बलों को दुश्मन द्वारा संभावित युद्ध विराम उल्लंघन और उकसावे के साथ-साथ उनकी ओर से किसी भी आक्रामक कार्रवाई को पीछे हटाने के लिए तैयार रहना चाहिए।"