अपडेटेड 9 July 2024 at 13:24 IST
PM Modi In Russia: दो दिवसीय दौरे पर रूस की यात्रा पर गए पीएम मोदी ने आज रूस मे रह रहे भारतीय समुदायों को संबोधित किया। रूस के मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी का यहां आने के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। मैं यहां अकेला नहीं आया हूं, मैं बहुत कुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ भारत की मिट्टी की खुशबू लेकर आया हूं।
इस दौरान पीएम मोदी ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा- 60 साल के इतिहास में भारत में कोई सरकार तीसरी बार चुनी जाए, ये बड़ी बात है। इस चुनाव में सारे कैमरे मोदी पर लगे रहे । इससे दूसरी घटनाओं पर लोगों का ध्यान नहीं गया।
पीएम मोदी ने किया विधानसभा चुनावों का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा और अरूणाचल प्रदेश में चुनाव हुए उनमें NDA गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की। उड़ीसा ने तो कमाल कर दिया। वहां आज भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा है। मैं उड़ीया स्कार्फ पहन कर आपके सामने आया हूं। भारत-रूस के रिश्ते अमर प्रेम की कहानी है। ये दिनों दिन बढ़ती रहेगी, सपनों को संकल्प में बदलती रहेगी।
ग्लोबल इकोनॉमी की वृद्धि में 15% भारत की हिस्सेदारी
पीएम मोदी ने कहा कि आज ग्लोबल इकोनॉमी की वृद्धि में 15% भारत की हिस्सेदारी है। आने वाले समय में इसका और ज्यादा विस्तार होना तय है। वैश्विक गरीबी से लेकर जलवायु परिवर्तन तक हर चुनौती को चुनौती देने में भारत सबसे आगे रहेगा। मेरे तो DNA में है चुनौती को चुनौती देना। उन्होंने कहा, आज भारत वो देश है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इको सिस्टम है। 2014 में जब आप लोगों ने मुझे पहली बार देश की सेवा करने का मौका दिया तब कुछ सैकड़ों में स्टार्ट-अप हुआ करते थे, आज लाखों में है।
पब्लिश्ड 9 July 2024 at 13:15 IST