अपडेटेड 22 August 2024 at 10:45 IST
'जब गुजरात में भूकंप आया तो सबसे पहले पोलैंड...', PM मोदी ने दो दशक पहले की त्रासदी को किया याद
PM Modi Poland Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए गुजरात के कच्छ में आए तबाही के मंजर को याद किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PM Modi Poland Visit: पीएम नरेंद्र मोदी पोलैंड के दो दिन के दौरे पर हैं। पीएम मोदी 21 अगस्त को पोलैंड की राजधानी वॉरसॉ पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री के लिए भारतीय समुदाय के लोगों ने खास प्रस्तुति भी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उनके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए शुक्रिया अदा किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉरसॉ में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा- '45 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री पोलैंड आया है। ऐसे कई देश हैं जहां दशकों तक भारत का कोई प्रधानमंत्री पहुंचा नहीं है। लेकिन अब परिस्थितियां दूसरी हैं। दशकों तक भारत की नीति थी कि सारे देशों से समान दूरी बनाए रखो। आज के भारत की नीति है सारे देशों से समान रूप से नजदीकी बनाओ।'
गुजरात में आए भूंकप में पोलैंड ने की मदद
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि 2 दशक पहले जब गुजरात में भीषण भूकंप आया था तब जामनगर भी उसकी चपेट में आ गया था। तब पोलैंड मदद के लिए पहुंचने वाले सबसे पहले देशों में से एक था। पोलैंड के लोगों ने भी जाम साहब और उनके परिवार को भरपूर सम्मान दिया है। और गुड महाराजा स्क्वायर इसका प्रमाण है। आज मैं डोबरी महाराजा मेमोरियल और कोल्हापुर मेमोरियल गया हूं। इस अवसर पर मैं यह घोषणा करना चाहता हूं कि भारत ने जाम साहब मेमोरियल यूथ एक्शन कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इसके तहत भारत 20 पोलैंड के युवाओं को हर साल भारत आने के लिए आमंत्रित करेगा। इससे भारत के बारे में पोलैंड के युवाओं को और ज्यादा जानने को मिलेगा।
बता दें कि गुजरात में 2001 में भयानक भूकंप आया था, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। इस आपदा में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे।
Advertisement
दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही
पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है, आज का भारत सबके विकास की बात करता है। आज का भारत सबके साथ है और सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है। जिनको कहीं जगह नहीं मिली उनको भारत ने अपने दिल और अपनी जमीन दोनों जगह स्थान दिया है।
भारत का मंत्र मानवता पहले
पीएम मोदी ने आगे बताया कि भारत का मंत्र मानवता पहले है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी देश में संकट आए, भारत पहला देश होता है जो मदद के लिए हाथ बढ़ाता है। जब कोविड आया, तो भारत ने कहा 'मानवता सबसे पहले'... भारत बुद्ध की विरासत वाली धरती है जो युद्ध नहीं शांति की बात करती है... ये युद्ध का युग नहीं है। ये उन चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होने का समय है जिनसे मानवता को सबसे बड़े खतरे हैं। इसलिए भारत कूटनीति और संवाद पर बल दे रहा है।
Advertisement
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 21 अगस्त की शाम साढ़े पांच बजे (भारतीय समय अनुसार) पौलेंड पहुंचे थे। यहां उन्हें देखने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 August 2024 at 07:37 IST