'मानवता सबसे पहले, ये युद्ध का युग नहीं...', यूक्रेन दौरे से पहले PM मोदी ने पढ़ाया बुद्ध का पाठ
पोलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत बुद्ध की विरासत वाली धरती है जो युद्ध नहीं शांति की बात करती है। ये युद्ध का युग नहीं है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PM Modi in Poland: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन का दौरा करने वाले हैं, जो कई मायनों में बेहद अहम होने जा रहा है। पीएम मोदी के इस दौरे पर दुनिया की निगाहें टिकी हैं। इस बीच अपने यूक्रेन दौरे से पहले पीएम मोदी ने युद्ध को लेकर बड़ा बयान देते हुए एक बार फिर दुनिया को शांति का संदेश देने की कोशिश की है।
पोलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करत हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत अशांत क्षेत्र में शांति का समर्थन करता है। उन्होंने दोहराया, ‘‘यह युद्ध का युग नहीं है।’’ पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी संघर्ष को कूटनीति और बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है।
पीएम मोदी ने फिर दिया शांति का संदेश
पोलैंड की राजधानी में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘‘दशकों तक भारत की नीति सभी देशों से दूरी बनाकर रखने की रही। हालांकि आज के भारत की नीति सभी देशों के करीब रहने की है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के किसी भी देश में संकट आए, भारत पहला देश होता है जो मदद के लिए हाथ बढ़ाता है, जब कोविड आया, तो भारत ने कहा 'मानवता सबसे पहले'... भारत बुद्ध की विरासत वाली धरती है जो युद्ध नहीं शांति की बात करती है। ये युद्ध का युग नहीं है। ये उन चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होने का समय है जिनसे मानवता को सबसे बड़े खतरे हैं। इसलिए भारत कूटनीति और संवाद पर बल दे रहा है।"
Advertisement
पीएम मोदी का ये बयान उनके यूक्रेन के दौरे से पहले आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं।
'आज का भारत सबके हित में सोचता है'
वारसॉ में पीएम मोदी ने कहा, "आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है, आज का भारत सबके विकास की बात करता है। आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है, जिनको कहीं जगह नहीं मिली उनको भारत ने अपने दिल और अपनी ज़मीन दोनों जगह स्थान दिया है।"
Advertisement
पीएम मोदी का यूक्रेन दौरा होगा ऐतिहासिक
गौरतलब है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पीएम मोदी उन गिने-चुने दिग्गज नेताओं में शामिल होंगे, जो यूक्रेन की यात्रा करेंगे। यह एक ऐतिहासिक दौरा होगा। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के 30 से अधिक वर्षों में यह पहली बार होगा कि कोई भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन का दौरा करेगा। यह यात्रा नेताओं के बीच हाल की उच्च स्तरीय बातचीत पर आधारित होगी। युद्ध के बीच यूक्रेन की लंबे समय से नजरें पीएम मोदी पर हैं। ऐसे में यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की को इस दौरे से काफी उम्मीदें होंगी।