Israel Iran War: ईरान ने तेज किए हमले, 500 बैलिस्टिक मिसाइल और 2000 ड्रोन दागे, हमले में अबतक 680 दुश्मनों को किया ढेर- IRGC का दावा
Israel Iran War: IRGC ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि जवाबी हमले के चौथे दिन तक 680 से अधिक 'दुश्मन' सैनिक मारे जा चुके हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Iran-Israel War : मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के 16वें वेव की घोषणा कर दी है। ईरान का यह हमला अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद प्रतिशोध के लिए शुरू हुआ है। IRGC ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी आखिरी सांस तक अपनी वफादारी करेंगे और दुश्मन के सैन्य ढांचे को ध्वस्त करने तक जंग जारी रखेंगे।
इजरायली रक्षा मंत्रालय और सैन्य मुख्यालय पर हमला
IRGC ने एक आधिकारिक बयान जारी कर दावा किया है कि उसके एयरोस्पेस डिवीजन ने इजरायल के रणनीतिक केंद्रों पर सटीक मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान के अनुसार, इन हमलों में तेल अवीव के पास स्थित इजरायली सेना का जनरल स्टाफ, हकीरिया में रक्षा मंत्रालय और बनी ब्रैक के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
ईरानी सूत्रों का दावा है कि उनके इस जवाबी हमले के चौथे दिन तक 680 से अधिक 'दुश्मन' सैनिक मारे जा चुके हैं। ईरान का यह भी कहना है कि इजरायली डिफेंस सिस्टम में तकनीकी खामियों के कारण उनके प्रोजेक्टाइल्स आसानी से लक्ष्य तक पहुंच रहे हैं।
17 ईरानी जहाज और पनडुब्बी नष्ट- अमेरिकी कमांडर
इस बीच, US सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि अमेरिकी और इजरायली सेना ईरान के भीतर बिना किसी विरोध के सर्जिकल स्ट्राइक कर रही है। एडमिरल कूपर ने दावा किया कि अमेरिकी B-2, B-1 और B-52 बॉम्बर्स ने ईरान के मिसाइल ठिकानों और कमांड सेंटर्स को तहस-नहस कर दिया है।
Advertisement
उन्होंने सबसे बड़ा दावा यह किया कि अमेरिका ने अब तक 17 ईरानी जहाजों और उनकी सबसे आधुनिक पनडुब्बी को नष्ट कर दिया है, जिससे अरब की खाड़ी और होर्मुज की खाड़ी में अब एक भी ईरानी जहाज नहीं बचा है।
500 बैलिस्टिक मिसाइल और 2000 ड्रोन लॉन्च
मिडिल ईस्ट युद्ध में अबतक ईरान ने 500 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें और 2000 से अधिक ड्रोन लॉन्च किए हैं। हालांकि, एडमिरल कूपर का कहना है कि ईरान अब जवाबी हमला करने की अपनी क्षमता खो रहा है और अमेरिका अपने 'गेम प्लान' से काफी आगे चल रहा है। तेजी से बढ़ते इस टकराव ने पूरे पश्चिम एशिया को अस्थिरता के नए दौर में धकेल दिया है, जहां दोनों पक्ष लगातार सैन्य कार्रवाई तेज कर दिया है।