18 चाकू मारे, पेट फाड़ दिया… कनाडा में यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की बेरहमी से हत्या, मां बोलीं- सबको पता है किसने मारा

Nancy Grewal Murder: पंजाबी मूल की कनाडाई यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की ओंटारियो के विंडसर में बेरहमी से हत्या कर दी गई है। उनकी मां का कहना है कि राजनीतिक और धार्मिक मामलों पर खुलकर बोलने के लिए नैन्सी को मारा गया है।

Nancy Grewal Murder
Nancy Grewal Murder | Image: @realnancygrewal/instagram

Nancy Grewal Murder: पंजाबी मूल की कनाडाई यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की ओंटारियो के विंडसर में बेरहमी से हत्या कर दी गई है। 45 वर्षीय नैन्सी की चाकू मारकर हत्या की गई। अब उनकी मां का कहना है कि राजनीतिक और धार्मिक मामलों पर खुलकर बोलने के लिए नैन्सी को मारा गया है। 

बता दें कि नैन्सी ग्रेवाल खालिस्तान आंदोलन की खुली आलोचना करने और भारत-कनाडा संबंधों पर अपनी टिप्पणियों के लिए जानी जाती थीं। वह कनाडा में एक केयरगिवर और नर्स के रूप में काम कर रही थीं और साथ ही साथ सोशल मीडिया पर भी पॉपुलर थीं।

कनाडा में यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या 

सामने आई जानकारी की माने तो, नैन्सी ग्रेवाल की मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे चाकू से हत्या कर दी गई जब वो ड्यूटी पर एक क्लाइंट के घर गई थीं। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 3 मार्च 2026 को रात लगभग 9:30 बजे आपातकालीन सेवाओं को टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली थी। चश्मदीदों की माने तो, एक महिला को चाकू के घाव लगे थे। एसेक्स-विंडसर आपातकालीन चिकित्सा सेवा के सदस्यों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

अब नैन्सी की मां ने अपनी बेटी की हत्या के पीछे की सच्चाई का खुलासा किया है। वो लुधियाना जिले के नारंगवाल गांव की रहने वाली थीं। जालंधर के देओल नगर स्थित अपने घर से बात करते हुए ग्रेवाल की मां छिंदरपाल कौर ने कहा कि उनकी बेटी को उनके बेबाक स्वभाव के कारण महीनों से धमकियां मिल रही थीं। उनके मुताबिक, “मेरी बेटी सच बोलने से कभी नहीं हिचकिचाती थी”।

Advertisement

नैन्सी ग्रेवाल को मिल रही थीं धमकियां

उन्होंने आगे मीडिया से बात करते हुए विंडसर में रहने वाले कुछ कट्टरपंथियों पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि वहां रहने वाले लोग सच्चाई जानते हैं, लेकिन डर के मारे एक शब्द भी नहीं बोल रहे। उन्होंने आगे हमले की जानकारी देते हुए कहा- “चाकू मारे थे। 18 चाकू मारे, पूरा पेट फाड़ दिया अंदर अंदर। उन लोगों ने रेकी की थी, उन्हें पता था कि वहां कोई कैमरा नहीं है”।

अब उन्होंने अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग की है और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कनाडा पुलिस जल्द से जल्द हत्यारों को पकड़ लेगी। उन्होंने कहा कि नैन्सी पर पहले भी हमला हुआ था जब उनके घर में आग लगा दी गई लेकिन तब वो बच गई थीं। एक लड़का मुंह ढककर उनके घर की रेकी करने आया था लेकिन नैन्सी को देखकर डरकर भाग गया। तब नैन्सी ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया था।

Advertisement

ये भी पढ़ेंः सचिन तेंदुलकर की बहू सानिया चंडोक के संस्कारों ने जीता दिल, शादी के बाद अर्जुन तेंदुलकर संग किया ऐसा काम, VIDEO VIRAL

Published By :
Sakshi Bansal
पब्लिश्ड