BREAKING: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का लंबी बीमारी के बाद निधन, 80 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
Khaleda Zia Death: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का 80 साल की उम्र में निधन हो गया। वो लंबे समय से बीमार चल रही थी और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। ढाका में उन्होंने अंतिम सांस ली।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Khaleda Zia Death news: बांग्लादेश से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और BNP अध्यक्ष खालिदा जिया ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। 80 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। खालिदा लंबे समय से बीमार चल रही थीं।
जिया बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख भी थीं। उन्होंने साल 1991 से 1996 और 2001 से 2006 तक दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यभार संभाला है। वो पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की पत्नी थीं। उनकी हत्या के बाद जिया राजनीति में सक्रिय हुई थीं।
BNP ने दी निधन की जानकारी
BNP ने एक्स पर पोस्ट के जरिए खालिदा जिया के निधन की जानकारी साझा की। इसमें लिखा गया, "BNP चेयरपर्सन और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया का आज सुबह 6 बजे फज्र की नमाज के ठीक बाद निधन हो गया। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और सभी से उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करने के लिए कहते हैं।"
कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं खालिदा जिया
खालिदा जिया लीवर सिरोसिस, गठिया, डायबिटीज, छाती और हृदय जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। 23 नवंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था और तब से उनका इलाज चल रहा था। उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी।
Advertisement
अब तारिक रहमान के हाथों में पार्टी की बागडोर
खालिदा जिया के निधन के बाद अब पार्टी की बागडोर उनके बड़े बेटे और BNP के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान के हाथों में होगी, जो हाल ही में बांग्लादेश वापस लौटे हैं। तारिक गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन भाग गए थे। तब हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे।