सिर पर गोल्डन लटें, वजन 700 KG और एक सरकारी फैसला... बकरीद पर कुर्बानी से बाल-बाल बचा 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसा, अब चिड़ियाघर में ठाठ से रहेगा
बांग्लादेश में 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम से वायरल हुआ एक दुर्लभ एल्बिनो भैंसा ईद पर कुर्बानी से बाल-बाल बच गया। इसकी दीवानगी को देखते हुए सरकार ने आखिरी समय में उसे बचाने का फैसला किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Donald Trump Buffalo: सिर पर सुनहरे बाल और लहराती लटों वाला चर्चित 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम का दुर्लभ अल्बिनो भैंसा अब नहीं कटेगा। प्रधानमंत्री तारिक रहमान सरकार ने एन वक्त पर उसकी कुर्बानी पर रोक लगा दी। इतना ही नहीं, इसके बाद उसे सीधे नेशनल जू भेजने का फैसला कर लिया।
दरअसल, देश में बीते कुछ दिनों से एक अल्बिनो भैंसा जमकर वायरल हो रहा है, वजह इसका सुनहरा हेयरस्टाइल और लुक है। इसकी तुलना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की जा रही है। यही कारण है कि इसका नाम भी डोनाल्ड ट्रंप रखा गया है।
कैसे खास बना 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसा
ये भैंसा ईद पर कुर्बानी के लिए बिक चुका था। अनोखे लुक की वजह से इसे देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ जुट रही थी। इसी बीच ये करीब 700 किलो वजन वाला भैंसा सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुआ कि बांग्लादेश की सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ गया।
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने भैंसे को ईद-अल-अजहा यानी बकरीद पर भैंसे को कुर्बानी से बचाए जाने का आदेश दिया। अहमद ने कहा कि खरीदार को पैसे वापस दिए जाएं और जानवर को सरकारी देखरेख में ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेजा जाए। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि आखिरी समय में सुरक्षा चिंताओं और लोगों की असाधारण दिलचस्पी को देखते हुए भैंसे को अंतिम समय में कुर्बानी से बचाने का फैसला लिया गया।
Advertisement
भैंसे के मालिक को नहीं था वायरल का अंदाजा
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भैंसे के मालिक मोहम्मद फरीदुज्जमान शेरोन ने बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले इस जानवर को बकरीद पर कुर्बानी देने की मंशा से खरीदा था। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि ये इंटरनेट पर इतना फेमस हो जाएगा। उन्होंने बताया, 'मैंने ये भैंसा दो महीने पहले खरीदा था। इसे खरीदने का मकसद अल्लाह को खुश करना था यानी अल्लाह की राह में इसकी कुर्बानी देना। अब यह वायरल हो गया है और इसकी वजह से इतनी लोकप्रियता और इतनी बड़ी भीड़ देखने को मिल रही है।'
खैर, अधिकारियों का कहा है कि इस भैंसे को बचाने का सबसे बड़ा कारण उसकी अचानक बढ़ी लोकप्रियता है। अब 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम के भैंसे को ढाका के नेशनल जू में रखा जाएगा।