दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नेपालगंज और जनकपुर में विवाद, हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच झड़प; अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू
नेपालगंज (बांके) और जनकपुर (धनुषा) में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिन्दू और मुस्लिम समुदायों के बीच आपसी विवाद के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

देश के विभिन्न हिस्सों में दुर्गा पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही थी। वहीं, नेपालगंज (बांके) और जनकपुर (धनुषा) में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिन्दू और मुस्लिम समुदायों के बीच आपसी विवाद के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कर्फ्यू लागू करते हुए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।
नेपालगंज में क्या हुआ?
नेपालगंज उपमहानगरपालिका–10 के परशपुर क्षेत्र में रविवार सांझ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस एक मुस्लिम बस्ती से होकर गुजर रहा था। स्थानीय स्तर पर रूट और समय को लेकर विवाद हुआ, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला झड़प में बदल गया। स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
जिला प्रशासन बांके के अनुसार, स्थिति को देखते हुए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया गया है। प्रमुख जिला अधिकारी धर्मराज जोशी ने कहा, "शहर की शांति और सौहार्द बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। सभी समुदायों से संयम बरतने की अपील है।"
Advertisement
जनकपुर में भी तनाव
जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका–20 (देवपुरा रुपैठा) में भी दुर्गा विसर्जन यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच टकराव की खबर सामने आई। विवाद तब हुआ जब विसर्जन जुलूस एक मुस्लिम बस्ती के पास पहुंचा, और कुछ आपत्तिजनक नारों को लेकर दोनों पक्षों के बीच वाद-विवाद बढ़ गया। इसके बाद कुछ स्थानों पर पथराव और आगजनी की घटनाएं भी हुईं।
धनुषा जिला पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त सुरक्षाबल की तैनाती की गई। जिला प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास कर्फ्यू लगाने पर विचार कर रहा है।