अपडेटेड 31 March 2025 at 23:35 IST
2000 के पार पहुंची म्यांमार भूकंप में मृतकों की संख्या, एक मठ ढहने से 270 बौद्ध भिक्षुओं की मौत
म्यांमार में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से राजधानी नेपीता और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले सहित कई अन्य स्थानों पर व्यापक नुकसान हुआ।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

बैंकॉक, 31 मार्च (एपी) म्यांमा में पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,000 से अधिक हो गई है। सरकारी मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बचावकर्मियों और एक सहायता समूह ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान मस्जिदों में नमाज अदा कर रहे सैकड़ों मुसलमानों की भूकंप में मौत हो गई तथा एक मठ के ढहने से 270 बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई।
सहायता समूहों और संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि भूकंप से देश में भुखमरी और बीमारी का प्रकोप बढ़ सकता है।
म्यांमा में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से राजधानी नेपीता और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले सहित कई अन्य स्थानों पर व्यापक नुकसान हुआ।
Advertisement
‘स्प्रिंग रेवोल्यूशन म्यांमा मुस्लिम नेटवर्क’ की संचालन समिति के सदस्य तुन की ने सोमवार को बताया कि जुमे की नमाज के दौरान म्यांमा में 7.7 तीव्रता का भूकंप आने के कारण, विभिन्न मस्जिदों में 700 से अधिक लोगों की मौत हो गई। तुन ने बताया कि भूकंप के कारण लगभग 60 मस्जिदें क्षतिग्रस्त हो गईं या ढह गईं।
म्यांमा के सरकारी 'एमआर टीवी' ने बताया कि सैन्य सरकार के नेता वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को फोन पर बताया कि 2,065 लोग मारे गए हैं, 3,900 से अधिक घायल हुए हैं और लगभग 270 लोग लापता हैं।
Advertisement
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि उसे क्षेत्र में तीन अस्पतालों के नष्ट हो जाने और 22 के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 31 March 2025 at 23:35 IST