बांग्लादेश में तख्तापलट, सेना ने संभाला मोर्चा, कहा- आर्मी चीफ के नेतृत्व में बनेगी सरकार
पीएम शेख हसीना के इस्तीफे के बाद अब आर्मी चीफ के नेतृत्व में बांग्लादेश में सरकार बनेगी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Bangladesh News: बांग्लादेश में चल रहे हिंसक प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह देश छोड़कर चली गई है। इस बीच सेना ने वहां मोर्चा संभाल लिया। बांग्लादेश के आर्मी चीफ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
बांग्लादेश आर्मी चीफ वाकर उज जमान ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी हालातों को ठीक करने के लिए सेना का सहयोग करें। प्रदर्शनकारियों की मांग पर विचार किया जाएगा। हिंसा से देश का नुकसान हो रहा है। बांग्लादेश में अंतरिम सरकार बनेगी। शांति व्यवस्था बहाल करेंगे, सेना पर भरोसा रखें। लोग कानून को अपने हाथ पर न लें।
प्रदर्शनकारियों ने किया पीएम आवास पर कब्जा
बांग्लादेश बीते कई दिनों से आरक्षण को लेकर मचे बवाल की वजह से हिंसा की आग में जल रहा है। पिछले महीने शुरू हुए इन प्रदर्शनों में अबतक करीब 300 लोगों की मौत हो चुकी है। मीरपुर से छात्रों के साथ हजारों लोगों ने सोमवार (5 अगस्त) को ढाका के लिए मार्च शुरू किया और देखते-देखते ही हालात बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी ढाका में प्रधानमंत्री आवास पर कब्जा कर लिया है। जब भीड़ पीएम आवास के अंदर घुसी तो शेख हसीना वहीं मौजूद थीं। इसके बाद उन्हें आनन फानन में एयरलिफ्ट किया गया।
शेख हसीना ने बहन के साथ छोड़ा देश
पीएम शेख हसीना ने अपनी बहन के साथ देश छोड़ा। राजधानी ढाका में स्थिति तनावपूर्ण होने और प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शनकारियों के घुसने के बाद शेख हसीना वाजिद आज दोपहर करीब 2:30 बजे बंगभवन से एक सैन्य हेलीकॉप्टर से रवाना हो गईं। पहले उनके फिनलैंड जाने की खबर आई। अब खबर है कि शेख हसीना मिलिट्री हेलीकॉप्टर से भारत पहुंची हैं और वो दिल्ली से लंदन की फ्लाइट लेंगी।
Advertisement
हाई अलर्ट पर BSF
बांग्लादेश घटनाक्रम के मद्देनजर भारत में अलर्ट हो गया है। BSF ने भारत-बांग्लादेश सीमा के 4,096 किलोमीटर क्षेत्र में सभी यूनिट को हाई अलर्ट पर रख दिया है। BSF के डीजी भी फिलहाल कोलकाता में हैं। पश्चिम बंगाल के बांग्लादेश बॉर्डर पर BSF ने चौकसी बढ़ा दी है।