स्पेन में भीषण हादसा, दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर के बाद अफरा-तफरी, 40 से ज्यादा लोगों की मौत; कई घायल

रेल हादसा मैड्रिड-सेविला हाई-स्पीड लाइन पर हुआ। एक ट्रेन रुकी हुई थी, तभी दूसरी ट्रेन उसके पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे रुकी हुई ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए।

Collision Between Two High-Speed Trains in Spain
स्पेन में बड़ा रेल हादसा | Image: X

स्पेन में बड़ा रेल हादसा हो गया है। सेंट्रल स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। स्पेन के रेल सिस्टम ऑपरेटर ADIF ने पुष्टि की कि यह हादसा टोलेडो प्रांत में हुआ।  हादसे में 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो डिब्बे पटरी से उतरकर नीचे ढलान पर लुढ़कते चले गए।

यह हादसा एक ही दिशा में जा रही दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुआ। एक ट्रेन रुकी हुई थी, तभी दूसरी ट्रेन उसके पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे रुकी हुई ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। कुछ रिपोर्टों में करीब 39 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई रिपोर्ट्स में 40 से ज्यादा लोगों की मौत की बात कही जा रही है। आशंका है कि यह संख्या बढ़ सकती है। दोनों ट्रेनों में कुल मिलाकर 500 से अधिक यात्री सवार थे।

दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर 

यह हादसा मैड्रिड-सेविला हाई-स्पीड लाइन पर हुआ। रेन्फे (AVE) और इर्यो कंपनियों की ट्रेनें इसमें शामिल थीं। हादसे के बाद मैड्रिड से अंडालूसिया की हाई-स्पीड सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। बचाव दल मौके पर सक्रिय है और घायलों का इलाज चल रहा है। हादसा बुधवार सुबह स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे टोलेडो प्रांत के लॉस येबनेस और उर्डा शहरों के बीच हुआ। 

स्पेन के प्रधानमंत्री ने जताया दुख

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। 'X' पर एक पोस्ट में सांचेज ने कहा, “टोलेडो में हुए इस गंभीर ट्रेन हादसे से मैं स्तब्ध हूं। मैं परिवहन मंत्री @oscar_puente_ और कैस्टिला-ला मांचा के अध्यक्ष @garciapage के लगातार संपर्क में हूं।” उन्होंने आगे कहा, "आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके पर काम कर रही हैं। वे सभी संबंधित प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही हैं। पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी पूरी संवेदना और समर्थन है।"

Advertisement

साल का दूसरा बड़ा हादसा

यह इस स्पेन में इस साल का दूसरा बड़ा रेल हादसा है। जनवरी में, दक्षिणी स्पेन में एक ट्रेन के पटरी से उतरकर सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा जाने के कारण 45 लोगों की मौत हो गई थी। 2013 में हुए एक हादसे के बाद, जिसमें 80 लोगों की जान गई थी, यह स्पेन का सबसे घातक ट्रेन हादसा था। जनवरी की इस घटना ने अपने व्यापक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर इस यूरोपीय देश के भरोसे को हिला कर रख दिया था।
यह भी पढ़ें: चक्रवात 'अर्नब' का तांडव... जनजीवन अस्त-व्यस्त, ट्रेन-फ्लाइट्स रद्द

Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड