चक्रवात 'अर्नब' का तांडव.... आंध्र प्रदेश, बंगाल से लेकर ओडिशा में हाहाकार, उड़ानों और ट्रेनों पर ब्रेक, जीवन अस्त-व्यस्त
Cyclone Arnab: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का रौद्र रूप दिखाई देने लगा है। पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा की कई जगहों पर मूसलाधार बारिश जारी है। इस बीच तेज हवाएं और भारी बारिश के चलते कई उड़ानों और ट्रेनों पर ब्रेक लग गया है।
- भारत
- 4 min read

Cyclone Arnab: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि चक्रवात अर्नब ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश और यनम तटों पर अपनी दस्तक दी , जिससे क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। IMD के अनुसार साइक्लोन की कोर इंटेंसिटी 125 से 135 kmph है, जो 150 kmph तक बढ़ सकती है। पिछले तीन घंटों में 3 kmph की रफ़्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के बाद उम्मीद है कि तूफान शुरू में धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।
इस बीच चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का रौद्र रूप दिखाई देने लगा है। पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा की कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश जारी है। तेज हवाएं और भारी बारिश के चलते कई उड़ानों और ट्रेनों पर ब्रेक लग गया है। कई जगहों पर जीवन पुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है और इलाका पानी में डूब गया है।
आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं
चक्रवात 'अर्नब' के असर से आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले के अमलापुरम में बहुत तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश हो रही है। वहीं, राज्य के CMO की तरफ से चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सलाह दी गई है कि जब तक चक्रवात तट को पार न कर ले, वे अपने घरों के अंदर ही रहें। प्रशासन ने लोगों से प्रभावित इलाकों में अपनी यात्रा टालने की अपील की है।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से पेड़ उखड़ गए, जिससे बीच रोड और सीतामधारा ब्लॉक हो गए। कई इलाकों में जलभराव हो गया है। भारी बारिश के चलते राज्य में उड़ानों और ट्रेनों पर भी ब्रेक लगा है। अनकापल्ली और विशाखापत्तनम जिलों में कई जगहों पर 200 mm से ज़्यादा भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।
Advertisement
ओडिशा के कई इलाकों में रेड अलर्ट
ओडिशा में , IMD ने खराब मौसम की चेतावनी जारी की है, जिसमें गजपति, गंजम, रायगढ़, कोरापुट, नवरंगपुर और मलकानगिरी जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और एक या दो जगहों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में बिजली कड़कने के साथ गरज के साथ बारिश और 60 से 80 kmph की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ चलने की भी बहुत संभावना है, जो बढ़कर 90 kmph तक पहुँच सकती हैं।
ऑरेंज वॉर्निंग के तहत, कालाहांडी, कंधमाला, नुआपाड़ा, बलांगीर, बरगढ़, पुरी, खोरधा, सोनेपुर, बौध और नयागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, साथ ही गरज के साथ बारिश और 40 से 50 kmph की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 60 kmph तक पहुंच सकती हैं।
Advertisement
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश
बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में मौजूद अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग 22 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। वहीं, साइक्लोन 'अर्नब' के असर से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं।