Thailand-Cambodia Ceasefire: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीजफायर पर हुए हस्ताक्षर, 20 दिन पहले टूटा था युद्धविराम
Thailand- Cambodia Ceasefire Agreement: थाईलैंड और कंबोडिया ने सीमा पर जारी हिंसक संघर्ष को तत्काल रोकने के लिए सीजफायर पर सहमति जताई है। इससे पहले भी दोनों देशों के बीच युद्धविराम हुआ था, लेकिन दिसंबर में वो टूट गया और फिर दोनों देशों के बीच जंग शुरू हो गई थी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Thailand- Cambodia Ceasefire: 2025 खत्म होते-होते एक खूनी जंग थम गई है। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच महीनों से जारी युद्ध के बाद अब सीजफायर पर हस्ताक्षर हो गए है। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की ओर से शनिवार, 27 दिसंबर को जारी एक संयुक्त बयान में यह घोषणा की गई।
इससे पहले भी थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीजफायर हो चुका है। हालांकि दिसंबर 2025 में दोनों देशों के बीच सीजफायर फिर टूट गया और झड़प शुरू हो गई थी।
सभी तरह के हथियारों के इस्तेमाल पर रहेगी रोक
थाईलैंड के रक्षा मंत्री नत्थापोन नाकपानिच और कंबोडिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री टी सिया ने थाईलैंड के चांथाबुरी प्रांत में एक बॉर्डर चेकपॉइंट पर सीजफायर समझौते पर साइन किए। सीजफायर को लेकर कंबोडिया की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने यह तय किया है कि इस दौरान सभी तरह के हथियारों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। इसमें नागरिकों, नागरिक ठिकानों, बुनियादी ढांचे और सैन्य लक्ष्यों पर किसी भी तरह के हमले शामिल हैं। सभी इलाकों में और हर स्थिति में यह सीजफायर लागू रहेगा।
मौजूदा सैन्य तैनाती को बनाए रखेंगे दोनों देश
वहीं, थाईलैंड और कंबोडिया के रक्षा मंत्रियों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सीजफायर के बाद दोनों देश मौजूदा सैन्य तैनाती को बनाए रखेंगे। इस दौरान किसी भी तरह की अतिरिक्त सैन्य गतिविधि या सैनिकों की बढ़ोतरी नहीं होगी। किसी भी तरह की सैन्य मजबूती से तनाव बढ़ेगा और इससे लॉन्ग टर्म समाधान की कोशिशों को नुकसान पहुंचेगा।
Advertisement
इससे पहले दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव फिर बढ़ गया था। दिसंबर में सीजफायर टूटा और थाईलैंड- कंबोडिया के बीच फिर लड़ाई शुरू हो गई थीं। 20 दिनों से जारी संघर्ष में कई लोगों ने जान गंवाई। साथ ही दोनों देशों की सीमा से सटे इलाकों से रहने वाले 5 लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच क्या है विवाद?
बता दें कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से अपनी 817 किलोमीटर की बॉर्डर को लेकर डिस्प्यूट चल रहा है। दोनों के बीच जुलाई में हालात बेहद काफी गंभीर हो गए थे। इस दौरान भारी गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई के चलते दर्जनों लोग मारे गए थे। इसके बाद अमेरिका, चीन और मलेशिया की मध्यस्थता से दोनों के बीच सीजफायर हुआ था। हालांकि, 7 दिसंबर को थाईलैंड और कंबोडिया एक-दूसरे पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाए, जिसके बाद हालात बिगड़ गए थे।