चोरी छिपाने के लिए की 4 हत्याएं, भाई-भाभी और भतीजे-भतीजी को बड़ी ही बर्बरता से उतारा मौत के घाट, अब मिली ये सजा
न्यू जर्सी में पॉल कैनेरो ने 2018 में चोरी छिपाने के लिए भाई, भाभी, 11 साल भतीजे और 8 साल की भतीजी की निर्मम हत्या कर दी। घर की बिजली काटकर अंधेरे में गोली और चाकू से सबको मारकर घर में आग लगा दी। फरवरी 2026 में दोषी ठहराए गए पॉल को चार आजीवन कारावास और 16 साल अतिरिक्त सजा सुनाई गई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Crime News: एक पुरानी कहावत है- "एक झूठ छिपाने के लिए, सौ झूठ बोलने पड़ते हैं।" ऐसा ही एक क्रूर मामला अमेरिका के न्यू जर्सी से सामने आया है। जहां अपनी एक चोरी को छुपाने के लिए हत्यारे ने अपने भाई और उसके पूरे परिवार की निर्मम हत्या कर जला दिया। एक व्यावसायिक साझेदारी की चोरी छिपाने के लिए भाई ने अपने पूरे परिवार को मार डाला।
यह चौंकाने वाला कत्लेआम 2018 का है, लेकिन अब 2026 में मृतकों की आत्मा को न्याय मिला है। हत्यारे पॉल कैनेरो को अपने भाई, भाभी, भतीजे और भतीजी की हत्या का दोषी ठहराया गया और सोमवार 19 मई, 2026 को अदालत ने उसे चार आजीवन कारावास की सजा सुना दी।
ये हत्याकांड इतना क्रूर था कि फैसला सुनाने वाले जज भी सिहर उठे। जज ने 16 साल की अतिरिक्त सजा भी सुनाई है। मामले की सुनवाई कर रहे जज मार्क सी. लेम्यूक्स ने फैसला सुनाते हुए कहा कि पॉल को कभी पैरोल नहीं मिलेगी।
क्या हुआ था उस रात?
20 नवंबर 2018 को न्यू जर्सी के कोल्ट्स नेक इलाके में एक शानदार मकान में आग लगी। फायर ब्रिगेड जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर भयानक नजारा था। कीथ कैनेरो (50), उनकी पत्नी जेनिफर कैनेरो (45), 11 साल बेटा जेसी और 8 साल की बेटी सोफिया चारों की लाशें मिलीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि घर में आग लगने से पहले चारों की हत्या हो चुकी थी।
Advertisement
गोली और चाकू से की हत्या
मोनमाउथ काउंटी के प्रॉसिक्यूटर ने जांच में खुलासा किया कि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि कीथ का छोटा भाई पॉल कैनेरो था। पॉल ने पहले बिजली काट दी, भाई को बाहर बुलाया, फिर गोली मार दी। इसके बाद भाभी जेनिफर को गोली और चाकू से मारा। दोनों बच्चों को चाकू से मौत के घाट उतार दिया। पूरा परिवार अंधेरे में दहशत के माहौल में मारा गया।
चोरी थी हत्या की वजह
दोनों भाई कीथ और पॉल साझा बिजनेस चलाते थे। जांच में पता चला कि पॉल ने कंपनी के पैसे चुराए थे। कीथ ने ईमेल लिखकर कहा था कि जब तक चोरी का पैसा नहीं मिलेगा, पॉल को सैलरी नहीं दी जाएगी। इसी बात को लेकर पॉल ने पूरा परिवार खत्म करने का फैसला कर लिया।
Advertisement
हत्या के बाद पॉल अपने घर गया और वहां भी आग लगा दी। उस समय उसका अपना परिवार भी घर के अंदर था। इसके पीछे उद्देश्य यह था कि लगे कि पूरा परिवार किसी बड़े हमले का निशाना बना है।
जेल में बिताएगा पूरा जीवन
फरवरी 2019 में पॉल पर 16 गंभीर आरोपों का इंडिक्टमेंट लगाया गया था। फरवरी 2026 में जूरी ने उसे चारों हत्याओं, आगजनी और अन्य अपराधों में दोषी ठहराया। 19 मई, 2026 को मोनमाउथ काउंटी सुपीरियर कोर्ट में सजा सुनाई गई। पॉल कैनेरो अब बाकी जीवन जेल में बिताएगा।