CT Scan कराने से पहले पढ़ें ये खबर, 22 साल की वकील ने तोड़ा दम, स्कैन के दौरान हुई थी गंभीर एलर्जी
ब्राजील में हुई यह घटना चिकित्सा प्रक्रियाओं में सावधानी और जागरूकता पर जोर देती है। डॉक्टरों ने 22 साल की वकील लेटिसिया पॉल को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी मौत हो गई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

ब्राजील के रियो डो सुल में 22 साल की वकील लेटिसिया पॉल (Leticia Paul) की जिंदगी पर एक रूटीन सीटी स्कैन (CT scan) भारी पड़ गया। सीटी स्कैन के दौरान गंभीर एलर्जी होने के कारण पॉल की मौत हो गई है। यह दुखद घटना अल्टो वैले क्षेत्रीय हॉस्पिटल में हुई। लेटिसिया को किडनी में स्टोन था, जिसकी जांच के लिए कंट्रास्ट-एन्हांस्ड सीटी स्कैन करवाया जा रहा था।
न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, लेटिसिया पॉल को एनाफिलेक्टिक शॉक लगा और इंट्यूबेशन समेत तमाम कोशिशों के बावजूद, 20 अगस्त को एक दिन से भी कम समय में उनकी मौत हो गई। पॉल की चाची, सैंड्रा पॉल ने बताया कि उनकी भतीजी गुर्दे की पथरी के कारण नियमित जांच करवा रही थीं, तभी उन्हें अचानक एनाफिलेक्टिक शॉक लग गया।
सीटी स्कैन के दौरान हुई एलर्जी
लॉ की पढ़ाई पूरी करने के बाद लेटिसिया पॉल अपने करियर की शुरुआत करने की तैयारी में थीं। पॉल को किडनी स्टोन की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीटी स्कैन के दौरान उपयोग किए गए कॉन्ट्रास्ट डाई से उन्हें गंभीर एलर्जी प्रतिक्रिया हुई, जिसके चलते वे एनाफिलेक्टिक शॉक में चली गईं। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
क्या होता है कॉन्ट्रास्ट डाई?
यह घटना मेडिकल प्रोसीजर में उपयोग होने वाले कॉन्ट्रास्ट एजेंट्स से जुड़े दुर्लभ और गंभीर जोखिमों को उजागर करती है। कॉन्ट्रास्ट डाई सीटी स्कैन और MRI स्कैन में अंगों को स्पष्ट रूप से देखने के लिए उपयोग की जाती है। इससे कुछ मामलों में एलर्जी हो जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी प्रतिक्रियाएं बहुत दुर्लभ होती हैं, लेकिन जब होती हैं तो जानलेवा हो सकती हैं।
Advertisement
लेटिसिया की मौत के बाद उनकी मां सांड्रा पॉल गहरे सदमे में हैं। सांड्रा ने बताया कि उनकी बेटी स्वस्थ थी और इस तरह की पहले कोई दिक्कत नहीं हुई थी। लेटिसिया के दोस्तों और स्थानीय समुदाय ने भी सोशल मीडिया पर उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं, जहां उन्हें एक प्रतिभाशाली युवती के रूप में याद किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह समझा जा सके कि क्या सीटी स्कैन के दौरान को कोई दिक्कत हुई या फिर लेटिसिया की एलर्जी का पहले से पता लगाया जा सकता था।
एनाफिलेक्टिक शॉक क्या होता है ?
एनाफिलेक्टिक शॉक एक गंभीर और जानलेवा एलर्जी प्रतिक्रिया है, जो शरीर के कुछ पदार्थों के संपर्क में आने पर तेजी से होती है। यह तब होता है जब इम्यून सिस्टम किसी पदार्थ, जैसे दवा, भोजन, कीट के डंक या कॉन्ट्रास्ट डाई, के प्रति बहुत अधिक प्रतिक्रिया करता है। यह स्थिति मिनटों में विकसित हो सकती है और तत्काल डॉक्टर की मदद चाहिए होती है। अगर आपको किसी पदार्थ से एलर्जी है, तो अपने डॉक्टर को पहले से जरूर बताएं।