अपडेटेड 13 November 2025 at 16:36 IST

Cheetah: भारत को फिर मिले अफ्रीकी चीते, बोत्सवाना ने राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपे 8 चीते; MP के कुनो में बढ़ेगा इनका कुनबा

बोत्सवाना ने मोकोलोडी नेचर रिजर्व में भारत को 8 चीते सौंपे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोत्सवाना की 3 दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। भारत में मौजूद चीतों के बारे में जाने।

 Botswana cheetah transfer,  President Droupadi Murmu
बोत्सवाना से भारत को 8 चीतों का उपहार | Image: @rashtrapatibhvn

Botswana Cheetah Transfer:  बोत्सवाना के मोकोलोडी नेचर रिजर्व में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बोत्सवाना ड्यूमा के अध्यक्ष गिदोन बोको ने 8 चीतों का उपहार सौंपा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, 'इन चीतों को उपहार में देना वन्यजीव संरक्षण के प्रति बोत्सवाना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ये चीते भारत के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में अपने साथियों के साथ शामिल होंगे, जिससे हमें इस ऐतिहासिक आवास की प्रजातियों को बहाल करने में मदद मिलेगी।'  

भारत में चीतों की आबादी बढ़ाने की कोशिश  

‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत यह भारत‑बोत्सवाना सहयोग का हिस्सा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को 3 दिवसीय राजकीय यात्रा पर बोत्सवाना पहुंचीं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली आधिकारिक यात्रा है। राष्ट्रपति बोको ने कहा कि यह कदम जैव विविधता सहयोग का प्रतीक है, जिससे भारत में चीतों की आबादी को फिर से बढ़ाने में मदद मिलेगी। राष्ट्रपति मुर्मू ने बोत्सवाना को भारत के ‘प्रोजेक्ट चीता’ में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि बोत्सवाना से भारत में चीता लाने की पहल हमारे वन्यजीव संरक्षण के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। हम आपके चीतों का अच्छी तरह ध्यान रखेंगे। 

भारत में  अभी कितने चीतें....   

भारत में अभी 27 चीते मौजूद है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ा था, जो किसी बड़े जंगली मांसाहारी प्रजाति का विश्व का पहला महाद्वीपीय पुनर्वास अभियान था। इसके बाद फरवरी 2023 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते आयात किए। तीन साल बाद अब भारत में कुल 27 चीते हैं, जिनमें से 16 भारतीय भूमि पर जन्मे हैं। इनमें 24 चीते कूनो में और 3 गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य (मंदसौर-नीमच सीमा पर) में हैं। अब तक 26 शावकों का जन्म हुआ है।   

यह भी पढ़ें: अल फलाह यूनिवर्सिटी के ओखला स्थित हेड क्वार्टर में पहुंची पुलिस 

Advertisement

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 13 November 2025 at 16:36 IST