कनाडा में मशहूर पंजाबी सिंगर-एक्टर एमी विर्क की हत्या की कोशिश, रोल्स रॉयस पर बरसाईं 7 गोलियां; बुलेटप्रूफ कार के चलते बाल-बाल बची जान

पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर सितारे एमी विर्क (Ammy Virk) कनाडा में एक बड़े जानलेवा हमले का शिकार होने से बाल-बाल बच गए हैं।

Punjabi singer-actor Ammy Virk convoy attacked in Canada 7 shots fired on Rolls-Royce Cullinan, no injuries
कनाडा में मशहूर पंजाबी सिंगर-एक्टर एमी विर्क की हत्या की कोशिश, रोल्स रॉयस पर बरसाईं 7 गोलियां; बुलेटप्रूफ कार के चलते बाल-बाल बची जान | Image: Instagram

पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर सितारे एमी विर्क (Ammy Virk) कनाडा में एक बड़े जानलेवा हमले का शिकार होने से बाल-बाल बच गए हैं। देर रात एक लाइव शो के बाद लौटते समय उनकी लग्जरी कार 'रोल्स रॉयस कलिनन' पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि इस भयानक हमले में एमी विर्क सहित कार में सवार सभी चार लोग सुरक्षित हैं।

इस घटना ने एक बार फिर कनाडा में रह रहे पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक यह खौफनाक वारदात शनिवार रात करीब 11 बजे की है। एमी विर्क एबॉट्सफोर्ड के रोजर फोर्न में अपना शो खत्म करने के बाद अपनी टीम के साथ वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया। हमलावरों ने करीब 7 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 7 गोलियां सीधे गाड़ी पर लगीं।

रोल्स रॉयस ने बचाई जान

दुनिया की सबसे महंगी और मजबूत कारों में शुमार 'रोल्स रॉयस कलिनन' की मजबूत बॉडी के कारण गोलियां कार के आर-पार नहीं हो सकीं। गोलियों का सबसे ज्यादा असर कार के पिछले शीशे पर देखा गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स में सिर्फ एक कार पर गोलियां चलने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम के आयोजकों ने पुष्टि की कि उस कार में खुद एमी विर्क मौजूद थे।

Advertisement

क्या एमी विर्क नहीं थे असली निशाना?

इस मामले में एक बेहद चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। कार में एमी विर्क के साथ सरे (Surrey) का रहने वाला एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस शख्स पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। निजता और सुरक्षा कारणों से पुलिस ने इस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है। हालांकि, इस तथ्य के सामने आने के बाद पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है कि क्या हमलावरों का असली टारगेट एमी विर्क थे या फिर वह रहस्यमयी शख्स।

Advertisement

सबूत मिटाने की कोशिश, 5 किलोमीटर दूर जली मिली SUV

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना के कुछ देर बाद ही पुलिस को घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर 'सनी साइड प्लेस' के पास एक संदिग्ध SUV आग की लपटों में घिरी मिली। पुलिस को अंदेशा है कि इसी गाड़ी का इस्तेमाल एमी विर्क पर हमला करने के लिए किया गया था और सबूत मिटाने के इरादे से हमलावरों ने इसे जला दिया। गाड़ी के जल जाने से पुलिस के लिए फॉरेंसिक सबूत जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

खौफ के साये में पंजाबी इंडस्ट्री, पिछले 3 सालों में हुए बड़े हमले

कनाडा में पंजाबी गायकों और कलाकारों पर हमले का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ सालों में कई बड़े सितारों को गैंगस्टर्स द्वारा निशाना बनाया जा चुका है:

नवंबर 2023 (गिप्पी ग्रेवाल): वैंकूवर के व्हाइट रॉक इलाके में गिप्पी ग्रेवाल के घर/कार पर कई राउंड फायरिंग हुई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

1 सितंबर 2024 (एपी ढिल्लों): वैंकूवर आइलैंड के कोलवुड में मशहूर सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर 14 राउंड फायरिंग की गई और दो वाहनों में आग लगा दी गई। बिश्नोई-गोदारा गैंग ने सलमान खान के साथ ढिल्लों के वीडियो को इसकी वजह बताया था।

4 फरवरी 2025 (प्रेम ढिल्लों): सिंगर प्रेम ढिल्लों के घर को निशाना बनाया गया। जयपाल भुल्लर गैंग ने सिद्धू मूसेवाला का जिक्र करते हुए इसकी जिम्मेदारी ली।

9 जुलाई 2025 (कपिल शर्मा का कैफे): सरे में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के 'काप्स कैफे' के बाहर फायरिंग हुई, जिसका दावा बिश्नोई गैंग ने किया।

अक्टूबर 2025 (तेजी कहलों): पंजाबी सिंगर तेजी कहलों पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उनके पेट में गोलियां लगीं। रोहित गोदारा गैंग ने हथियार और पैसों के विवाद का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारी ली।

अक्टूबर 2025 (चन्नी नट्टन): सरे में सिंगर चन्नी नट्टन के घर पर फायरिंग हुई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सरदार खेरा से उनकी कथित नजदीकी के कारण यह हमला करवाया था।

स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियां एमी विर्क मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में दहशत का माहौल है और कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

इसे भी पढ़ें- प्राइवेट पार्ट पर चोट, होंठ-चेस्‍ट पर निशान... दिशा सलियान का पोस्‍टमार्टम करने वाले स्‍टाफ ने खोला राज, स्‍टिंग ऑपरेशन में SSR की मौत पर भी खुलासा

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड