फटी धरती, दौड़ते भागते लोग, इमारतें पलभर में ध्वस्त... चारों ओर तबाही का मंजर; भूकंप ने बदल दी म्यांमार-बैंकॉक की तस्वीर
म्यांमार में 7.2 तीव्रता के भूकंप के बाद 6 क्षेत्रों और राज्यों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है, जिसका केंद्र देश के दूसरे सबसे बड़े शहर के पास था।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Earthquake: बैंकॉक और म्यांमार में आए भूकंप ने सब कुछ बदल दिया है। दोनों मुल्कों को एक साथ जबरदस्त भूकंप का सामना करना पड़ा है, जिससे वहां भारी तबाही आई है। बैंकॉक में बहुमंजिला कई इमारतें जमींदोज हो गईं। म्यांमार में भी कुछ यही हाल रहा है। तमाम बिल्डिंग गिरने के बाद म्यांमार में कुछ जगह धरती तक फट गई है।
म्यांमार में 7.2 तीव्रता के भूकंप के बाद 6 क्षेत्रों और राज्यों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है, जिसका केंद्र देश के दूसरे सबसे बड़े शहर के पास था। भूकंप के इतने तेज झटके महसूस होने के बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए। सड़कों पर अफरातफरी का माहौल रहा। म्यांमार की सत्तारूढ़ सेना ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मानवीय सहायता के लिए अनुरोध किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना प्रमुख मिन आंग ह्लाइंग को नेपीडॉ के एक अस्पताल में देखा गया, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है।
म्यांमार में मस्जिद के अंदर 3 मरे
फिलहाल भूकंप से म्यांमार आई तबाही की तस्वीरों से वहां के नुकसान का आकलन किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, म्यांमार के ताउंगनू में एक मस्जिद के आंशिक रूप से ढह जाने से कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई है। जब भूकंप शुरू हुआ, तब वो लोग नमाज पढ़ रहे थे। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बैंकॉक में 40 से ज्यादा लोग लापता, 2 शव मिले
म्यांमार से और भी भयंकर भूकंप बैंकॉक में आया, जहां की तीव्रता 7.7 रही। बैंकॉक में कई बहुमंजिला इमारतें गिर चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अधूरी 30 मंजिला इमारत ढहने के बाद 40 से ज्यादा मजदूर लापता हैं। भूकंप आने के समय इमारत के अंदर 50 लोग मौजूद थे। भूकंप के बाद ढही एक इमारत के मलबे में दो लोग मृत पाए गए हैं।
Advertisement
भारत, चीन और बांग्लादेश तक असर
बैंकॉक और म्यांमार के साथ आसपास के देशों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। म्यांमार की तरह ही बांग्लादेश में तेज तीव्रता का भूकंप आया, जहां उसकी तीव्रता 7.3 मापी गई है। भूकंप का असर भारत पर भी पड़ा है, जिसके राज्य मेघायल में 4 की तीव्रता के झटके महसूस किए गए। चीन के भी कुछ इलाकों में झटके आए।
यह भी पढ़ें: धड़ नीचे, सांस लेने लायक बचा शरीर; भूकंप से तबाह बैंकॉक में जिंदगी के लिए तड़पता युवक, सामने आई भयानक तस्वीर