'यूक्रेन-रूस युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत हर संभव मदद को तैयार...', PM मोदी ने बताया राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ किन मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने चल रहे संघर्ष और भारत-यूक्रेन के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (9 नवंबर) को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने चल रहे संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर अपना नजरिया साझा किया। इस दौरान पीएम मोदी ने संघर्ष का समाधान "बातचीत और कूटनीति" के जरिए ही निकाला जाना चाहिए पर जोर दिया।
बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, उन्होंने यह भी बताया कि भारत "संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने" के लिए तैयार है। प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की, जिससे दोनों देशों के लोगों को फायदा हो सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर दी जानकारी
फोन पर हुई बातचीत के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, "राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ फोन पर हुई सार्थक बातचीत से खुशी हुई। हमने अपने व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को मौजूदा संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के विभिन्न प्रयासों पर उनके विचार साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। मैंने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हर संभव तरीके से योगदान देने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।"
Advertisement
यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने क्या कहा?
पीएम मोदी से बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की एक्स पर कहा ""मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें लेटेस्ट डिप्लोमैटिक डेवलपमेंट के बारे में बताया। हम अबू धाबी में होने वाली मीटिंग के एजेंडा के हर आइटम पर एक्टिवली तैयारी कर रहे हैं। यूक्रेन ने हमेशा कंस्ट्रक्टिव अप्रोच अपनाया है, और रूस को भी डी-एस्केलेशन के लिए वैसी ही तैयारी दिखानी चाहिए।"
आगे उन्होंने कहा "प्राइम मिनिस्टर ने एक से ज़्यादा बार कहा है, जिसमें सीधे रूसी लीडर से भी कहा गया है, कि अब युद्ध खत्म करने का समय है, इसे जारी रखने का नहीं। यह ज़रूरी है कि भारत यह पहचाने कि वह क्या कदम उठा सकता है और युद्ध खत्म करने में मदद के लिए दूसरे लीडर्स के साथ क्या बातचीत कर सकता है।"