अपडेटेड 31 January 2024 at 16:44 IST
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में लगातार 3 आतंकी हमला, 4 अधिकारियों समेत 15 की मौत; ईरानी हमले से संबंध!
Pakistan Balochistan News: आतंकियों ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में लगातार 3 आतंकी हमले किए। इसमें एक हमला हाई-सिक्योरिटी वाले जेल पर भी किया गया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Pakistan Balochistan News: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में लगातार 3 आतंकी हमले हुए, जिसमें एक हमला हाई-सिक्योरिटी वाले जेल पर भी किया गया। इस हमले में 4 अधिकारी और 2 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा 9 आतंकी भी मारे गए। आपको बता दें कि प्रतिबंधित अलगाववादी समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) मजीद ग्रुप ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
इससे पहले ईरान ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया था, जिसमें आतंकी संगठन जैश अल अदल से संबंधित दो ठिकाने तबाह कर दिए गए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान ने ईरान के कई इलाकों पर हमला किया। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) नामक आतंकवादी संगठनों द्वारा इस्तेमाल किए गए ठिकानों पर एक खुफिया-आधारित ऑपरेशन में हमला किया गया, जिसका कोड नाम था - 'मार्ग बार सर्मचार।'
ISPR ने प्रेस रिलीज में कही ये बात
ISPR ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा- '29 और 30 जनवरी की रात को आत्मघाती हमलावरों सहित कई आतंकवादियों ने बलूचिस्तान में माच और कोलपुर परिसरों पर हमला किया, जिसका कानून प्रवर्तन एजेंसियों (LEA) ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। इस दौरान 9 आतंकी मारे गए और 3 घायल हुए, जिन्हें पकड़ लिया गया।' ISPR ने ये भी बताया कि इस दौरान 4 अधिकारी और 2 आम लोग भी मारे गए।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने दी थी धमकी
पाकिस्तान पर किया गया ये हमला पाकिस्तानी हमलों का बदला था, जो पाकिस्तान ने ईरानी हमले के जवाब में BLA पर किया था। BLA ने 18 जनवरी को ईरान में उनके शिविरों पर पाकिस्तान के हमलों के बाद बलूचिस्तान और अन्य जगहों पर सुरक्षा बलों पर हमले शुरू करने की धमकी दी थी।
Advertisement
इससे पहले जैश अल अदल के जिन ठिकानों पर ईरान ने हमला किया था, वो पाकिस्तान के बलूचिस्तान में स्थित है। पाकिस्तान ने इन हमलों को गैर कानूनी और पाकिस्तान की संप्रभुता के खिलाफ बताया था। इसके साथ ही पाकिस्तान ने चेतावनी देते हुए कहा था कि इस तरह का हमला बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
Advertisement
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 31 January 2024 at 16:44 IST