अपडेटेड 18 February 2026 at 16:40 IST
पाकिस्तानी खिलाड़ियों के ऑस्ट्रेलिया में बर्तन धोने और टॉयलेट साफ करने वाली इंटरनेशनल बेइज्जती पर भूचाल, PM शहबाज शरीफ ने दिए जांच के आदेश
पाकिस्तान हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया में FIH Pro League के सभी मैच हारी। खिलाड़ी दावा कर रहे हैं कि उन्होंने बर्तन धुले और टॉयलेट साफ करना पड़ा। इस मामले पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संज्ञान लिया है और तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Pakistan hockey controversy : पाकिस्तान हॉकी टीम का हाल देखकर हंसी भी आती है और तरस भी। ऑस्ट्रेलिया में FIH Pro League के दूसरे चरण में खेलने गई टीम हर मैच हारी, जीत का खाता खुला ही नहीं। लेकिन असली मजा तो वापसी के बाद शुरू हुआ। खिलाड़ी दावा कर रहे हैं कि उन्हें बर्तन धुलने पड़े और टॉयलेट साफ करना पड़ा।
टीम के खिलाड़ी शिकायत कर रहे हैं कि होटल नहीं मिला, खाना खुद बनाना पड़ा, रोज का भत्ता सिर्फ 40 डॉलर दिया गया, जबकि नियम के मुताबिक 100 डॉलर होना चाहिए था। मतलब, दुनिया की टॉप टीमों से खेलने गए, लेकिन रहने-खाने का इंतजाम ऐसा जैसे कोई स्कूल टूर पर गए हों। पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। इस मामले पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संज्ञान लेकर तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
खिलाड़ियों को मांजने पड़े बर्तन
पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान Shakeel Ammad Butt ने बयान में दावा किया कि टीम को होटल नहीं मिला, उन्हें सड़क पर छोड़ दिया गया। लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बट ने साफ कहा कि जब खिलाड़ी मैच खेलने से पहले किचन साफ करें और बर्तन धोएं, तो उनसे आप क्या उम्मीद करेंगे? उनका कहना है कि मैच खेलने से पहले खिलाड़ियों को बर्तन मांजने पड़े और कई घंटों तक सड़कों पर भटकना पड़ा।
PHF-PSB एक-दूसरे पर उछाल रहे कीचड़
अब PHF और PSB एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। PHF के अध्यक्ष तारिक हुसैन बुगती ने पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए कहा कि होटल बुकिंग, हवाई यात्रा, टीए/डीए और वीजा सहित सभी लॉजिस्टिकल और वित्तीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी PSB की है।
Advertisement
वहीं, अपनी सफाई में PSB के एक अधिकारी ने इसका खंडन करते हुए कहा कि टीम प्रबंधन के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध थी, और खिलाड़ियों को भी 1,650 अमेरिकी डॉलर प्रति खिलाड़ी दिए गए थे। उन्होंने कहा, “अगर फंड उपलब्ध थे, तो होटल की व्यवस्था इतनी खराब क्यों थी? खाना पकाने की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसकी वजह से खिलाड़ियों को अपना खाना खुद बनाना पड़ा।”
प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस पूरे मामले में जांच का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री के कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा कि हॉकी मामलों में कुप्रबंधन की रिपोर्ट पर प्रधानमंत्री ने संज्ञान लिया है, जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
खेल मंत्री राणा सनाउल्लाह ने मामले की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया है। जांच कमिटी के सदस्यों के नाम अभी घोषित नहीं हुए हैं। उन्होंने गंभीर चिंता जताई और कहा कि पीएचएफ के कदमों ने देश और खेल की छवि को धूमिल किया। ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 18 February 2026 at 16:40 IST