Pakistan Train Hijack: जोरदार धमाका हुआ, सब चिल्लाए और फिर... BLA के चंगुल से छुड़ाए गए बंधकों ने बयां किया खौफनाक मंजर
Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में BLA के हाइजैक किए ट्रेन में बनाए गए बंधकों में से कुछ ने उस दौरान का खौफनाक मंजर बयां किया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बीते दिन, 11 मार्च को बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाइजैक कर लिया। इस दौरान उन्होंने 214 पैसेंजर्स को बंधक बनाया जिसमें सेना के जवान, पुलिस और खुफिया एजेंसियों समेत अन्य शामिल हैं। अब इसे लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। BLA ने दावा किया है कि अबतक 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया गया है।
बीएलए ने पाकिस्तान की जेल में बंद बलूच कैदियों की रिहाई के लिए शहबाज शरीफ सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। वहीं पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उन्होंने BLA के कब्जे से लगभग 80 यात्रियों को छुड़ाया है और 13 विद्रोहियों को मार गिराया है। इस बीच जाफर एक्सप्रेस ट्रेन में बीएलए के कब्जे से छुड़ाए गए कुछ बंधकों ने बताया कि वो कितना भयावह मंजर था।
छुड़ाए गए बंधकों ने बताई हाइजैक की कहानी
पाकिस्तानी सेना के छुड़ाए गए बंधकों में से एक व्यक्ति ने कहा, ‘जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाईजैक के बाद चीख-पुकार मच गई। ट्रेन में सवार सभी यात्री चीखने लगे और बचाने की गुहार लगाने लगे। इसके बाद सफर कर रहे सभी यात्री अपनी-अपनी जान बचाने के लिए जमीन पर लेट गए। मंगलवार को ट्रेन पर हमला कर हाईजैक कर लिया गया। इसके बाद बीएलए ने सभी यात्रियों को ट्रेन से नीचे उतरने को कहा। डरे सहमे लोग नीचे उतरने को तैयार नहीं थे लेकिन मैं अपने बच्चों को लेकर उतर गया। अगर वो हमें मारने लगते तो हम क्या करते? इसके बाद मैंने मेरे बच्चों और पत्नी को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर मत देखना। मैं अपनी और अपने घर वालों की जान बचाने की कोशिश कर रहा था, इसलिए मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।’
'आपसे हमारी दुश्मनी नहीं, यहां से चले जाएं…'
जाफर एक्सप्रेस ट्रेन में बीएलए के चंगुल से बचाए गए एक और यात्री ने उस खौफनाक मंजर के बारे में बताते हुए कहा, 'हम सभी लेटे हुए थे। उन्होंने (बीएलए) हमें बुग्गी खाली करने को कहा। इसके बाद मैंने अपने बच्चों को कहा कि इधर भी मरना है और उधर भी मरना है। ऐसे में हम बुग्गी खाली कर वहां से निकल गए। उन्होंने हमें छोड़ दिया और कहा कि आप लोग यहां से चले जाएं। आपसे हमारी दुश्मनी नहीं है। फिर हमने वहां से पैदल अपना रास्ता तय किया। इस दौरान हम नहर में भी गिर गए। पानी और पत्थरों पर से होकर हमें अपना रास्ता तय करना पड़ा।'
Advertisement
BLA के चंगुल से 80 यात्रियों को छुड़ाया गया
मंगलवार को क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को बीएलए ने हाईजैक कर लिया। बताया गया कि इस ट्रेन में लगभग 500 यात्री सवार थे। बताया गया कि BLA ने 214 लोगों को बंधक बना लिया। जानकारी के मुताबिक, बंधक बनाए एक डिब्बे से 80 यात्रियों जिनमें 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चों को पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने बचा लिया है। वहीं उनके कब्जे से अन्य यात्रियों को छुड़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
ट्रेन को कैसे किया गया हाईजैक?
11 मार्च को जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पाकिस्तान के क्वेटा शहर से सुबह 9 बजे पेशावर के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही ट्रेन बोलान के मस्काफ इलाके में पहुंची और यहां से ये 8 नंबर की टनल को क्रॉस करने के लिए धीमी रफ्तार में आगे बढ़ी तभी ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ। विद्रोहियों ने ट्रेन पर हमला कर दिया। BLA ने ट्रेन पर गोलीबारी की और उसके बाद जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया। 9 कोच वाली इस ट्रेन में 500 से ज्यादा यात्री और कर्मचारी सवार थे।