पाकिस्तान में सरकार बनाना मुश्किल, शरीफ-इमरान दोनों ने किया जीत का दावा, गठबंधन के लिए आगे आए नवाज
Pakistan General Election Results : 3 बार प्रधानमंत्री रहे नवाज शरीफ ने किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने के अपने रुख में बदलाव किया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Pakistan Election Result Updates: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आम चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण गठबंधन सरकार बनाने के लिए प्रतिद्वंद्वी दलों से हाथ मिलाने का आह्वान किया है। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने अब तक 224 सीट के घोषित परिणाम में से 92 सीट जीतकर सबको हैरान कर दिया है।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के लाहौर स्थित केंद्रीय सचिवालय में पार्टी समर्थकों को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि उनकी पार्टी इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) द्वारा समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवारों की जीत सहित सभी पार्टियों के जनादेश का सम्मान करती है। चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 265 में से 224 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
किसे कितनी सीट?
- इमरान खान, निर्दलीय उम्मीदवार - 92 सीट
- पीएमएल-एन - 63
- पीपीपी - 50 सीट
- छोटी पार्टियां - 19 सीट
पाकिस्तान में कैसे बनेगी सरकार
देश में नई सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को नेशनल असेंबली में 265 में से 133 सीट जीतनी होगी। एक उम्मीदवार की मौत के बाद एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। कुल मिलाकर, बहुमत हासिल करने के लिए 336 में से 169 सीट की आवश्यकता है, जिसमें महिलाओं और अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षित सीट भी शामिल हैं। पाकिस्तान में मतगणना अब भी जारी है। देश में गुरुवार को चुनाव धांधली के आरोप, छिटपुट हिंसा और मोबाइल इंटरनेट बंद रहने के बीच चुनाव कराए गए थे।
तीन बार प्रधानमंत्री रहे शरीफ ने कहा किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने के अपने रुख में बदलाव करते हुए शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान को मुश्किलों से बाहर निकालने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एक साथ बैठने और सरकार बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा-
Advertisement
हम बार-बार चुनाव नहीं करा सकते। हम सभी कल एक साथ बैठे थे, लेकिन नतीजे नहीं आने के कारण आपको संबोधित नहीं किया। चुनावों के बाद हमारी पार्टी देश में सबसे बड़ी विजेता पार्टी बनकर उभरी है। पाकिस्तान को संकट से बाहर निकालने के लिए हम चाहते हैं कि अन्य पार्टियां गठबंधन सरकार बनाने के लिए हाथ मिलाएं। एजेंडा केवल खुशहाल पाकिस्तान है और आप जानते हैं कि हमने पहले क्या किया है। सभी को सद्भाव से बैठना चाहिए और पाकिस्तान को कठिनाइयों से बाहर निकालना चाहिए।
PTI को जीत का भरोसा
इससे पहले, पीटीआई अध्यक्ष बैरिस्टर गौहर खान ने पीपीपी और पीएमएल-एन के साथ गठबंधन करने से इनकार करते हुए कहा था कि उनकी पार्टी अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में है। गौहर खान ने दावा किया कि उनकी पार्टी नेशनल असेंबली की 150 सीट जीत रही है और केंद्र में सरकार बनाने के लिए आवश्यक सीट हासिल करने में सक्षम होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम पीपीपी और पीएमएल-एन के साथ गठबंधन सरकार बनाने का इरादा नहीं रखते हैं। हम केंद्र और पंजाब में सरकार बनाएंगे।’’
जेल में हैं इमरान खान
गौहर खान ने खैबर-पख्तूनख्वा के बुनेर क्षेत्र में एनए-10 सीट पर जीत हासिल की। पीटीआई के नेता और नेशनल असेंबली के पूर्व स्पीकर असद कैसर ने भी जीत दर्ज की है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान जेल में हैं और उनके चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध है। खान की पार्टी के प्रत्याशियों ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा, क्योंकि देश के उच्चतम न्यायालय ने उनकी पार्टी को उसके चुनाव चिह्न क्रिकेट का बल्ला से वंचित करने के चुनाव आयोग के फैसले को बरकरार रखा था
Advertisement
(इनपुट भाषा के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)