पाकिस्तान में दिनदहाड़े इमरान खान के मंत्री का अपहरण, AK-47 के साथ आए और फजल शकूर खान को उठा ले गए नकाबपोश
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में PTI मंत्री फजल शकूर खान की गाड़ी को बंदूक की नोक पर कथित तौर पर घेर लिया गया। इस दौरान का कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर हथियारबंद लोग नजर आ रहे हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Pakistani Minister Abduction: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दिनदहाड़े एक मंत्री के कथित अपहरण की खबर है। बताया जा रहा है कि भारी ट्रैफिक के बीच अचानक कुछ नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक की नोक पर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के मंत्री फजल शकूर खान की गाड़ी को घेरा और उन्हें अपने साथ उठा ले गए।
इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ नकाबपोश ट्रैफिक के बीच फंसी एक गाड़ी को घेरने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, दावा है कि वे गाड़ी को रोकने के लिए उसकी टायर पर गोलियां भी चलाते हैं। इसके बाद वे पीटीआई के प्रांतीय मंत्री फजल शकूर खान को कथिततौर पर अगवा कर लेते हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि आखिर फजल शकूर खान को किन लोगों ने अगवा किया है और इसके पीछे क्या कारण है।
शकील अहमद को भी टारगेट करने का दावा
इसके अलावा मालकंद में PTI के प्रमुख नेता और विधायक शकील अहमद को भी अगवा करने की कोशिश की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मालकंद में बड़ी संख्या में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने बट खैला बाईपास को जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने टायर जलाए और जमकर नारेबाजी की।
पीटीआई ने लगाए गंभीर आरोप
पीटीआई का आरोप है कि खैबर पख्तूनख्वा में उसके प्रांतीय नेतृत्व को टारगेट किया जा रहा है। नेताओं को बंदूक की नोक पर अगवा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Advertisement
खैबर पख्तूनख्वा के सूचना मंत्री शफी जान ने इन घटनाओं को संविधान, कानून और जनता के जानदेश पर सीझा प्रहार बताया। वहीं पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री और पार्टी नेताओं के निशाना बनाए जाने पर जवाबदेही की मांग की।
पीटीआई ने दी कड़ी चेतावनी
पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनके नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ की जा रही कथित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर रोक नहीं लगी, तो पूरे प्रदेश में विरोध-प्रदर्शन तेज किए जाएंगे।