'परिहास ढूंढता रहा, बदतमीजी दिखी', राहुल गांधी के कार्यक्रम में PM की मिमिक्री पर भड़के मनोज मुंतशिर, कहा- बुजुर्ग महिला को कुर्सी देना मजाक तो...
गीतकार, स्क्रीनराइटर और कवि मनोज मुंतशिर शुक्ला ने पीएम मोदी की मिमिक्री को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर किसी बुजर्ग महिला को आदर देना मजाक की बात है, तो मैं आजीवन मजाक बन के जीना चाहूंगा।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Manoj Muntashir on Rahul Gandhi: गीतकार और स्क्रीनराइटर मनोज मुंतशिर अपने बेबाक बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं। वो हर मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में हुए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर टिप्पणी की। मनोज मुंतशिर ने कार्यक्रम में हुई कॉमेडी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें केवल बदतमीजी दिखाई दी।
मनोज मुंतशिर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कॉमेडियन और राहुल गांधी की तस्वीर शेयर की। इसी के साथ उन्होंने लंबा-चौड़ा पोस्ट भी लिखा। उन्होंने कहा, 'मैंने दो कॉमेडियन्स का वीडियो देखा, हंसी ढूंढ़ता रहा, मसखरी दिखाई दी, सटायर ढूंढता रहा, संवेदन-शून्यता दिखाई दी। परिहास ढूंढता रहा, बदतमीजी दिखाई दी।'
पीएम मोदी की मिमिक्री पर भड़के मुंतशिर
उन्होंने पीएम मोदी की रैली में एक बुजुर्ग महिला को बैठने के लिए कुर्सी देने वाली बात का जिक्र किया, जिसे लेकर छात्रों की गूंज में मिमिक्री की गई थी। मनोज मुंतशिर ने कहा, 'एक वृद्ध महिला को कुर्सी और आदर देना अगर मजाक का विषय है, तो ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मैं आजीवन मजाक बन के जीता रहूं और एक दिन मजाक बनकर ही इस निर्मम दुनिया से चला जाऊं।'
मर्यादा से गिरना चारित्रिक-पतन- मनोज मुंतशिर
गीतकार ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, 'विरोध करना लोकतांत्रिक-अधिकार है, लेकिन मर्यादा से गिरना चारित्रिक-पतन है। परमात्मा मुझे वो दिन न दिखाए कि मैं अपने महान भारतवर्ष में कभी जोकर-राज देखूं।'
Advertisement
गीतकार ने युवाओं से खास की अपील
मनोज मुंतशिर ने आगे युवाओं से अपील की, 'मेरे बच्चों, जेन जी के चिरागों, हंसने के लिए बीरबल के चुटकुले पढ़ लेना, पंचतंत्र की कहानियां पढ़ लेना, तेनालीराम के किस्से पढ़ लेना, लेकिन ऐसे भावना-शून्य जोकरों को अपनी मोबाइल स्क्रीन पर जगह देकर अपने माता-पिता की परवरिश को लज्जित मत करना। जीते रहो!'
कॉमेडियन ने राहुल संग की PM की मिमिक्री
कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के अंदाज में बातचीत की। इस दौरान वे उन्हीं के हाव-भाव में हंसते दिखाई दिए। राहुल गांधी भी उनके साथ हंसते नजर आए। राहुल ने पुलकित से कहा- हाउ आर यू मोदी जी। नाइस टू मीट यू। और बताइए थोड़ा। इसके बाद कॉमेडियन ने कई डायलॉग्स बोले, जिन्हें पीएम मोदी की मिमिक्री के तौर पर देखा गया।