अपडेटेड 3 September 2024 at 18:56 IST

सोने की दीवारों वाला महल, 1700 कमरे... ब्रुनेई के जिस सुल्तान से मिलेंगे PM मोदी, वो कितना रईस?

सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया अपनी अपार संपत्ति और शानदार जीवनशैली के लिए मशहूर हैं। माना जाता है कि उनकी निजी संपत्ति करीब 30 बिलियन डॉलर है।

PM Modi to be Welcomed by Sultan of Brunei, Owner of 7000 Luxury Cars
PM Modi to be Welcomed by Sultan of Brunei, Owner of 7000 Luxury Cars | Image: Instagram

Brunei Sultan Hassanal Bolkiah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रुनेई दौरे पर पहुंचे है, जो दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। हालांकि पीएम मोदी की इस यात्रा के बीच ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्किया चर्चा में हैं। भारतीय प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के दूसरे सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले सम्राट सुल्तान हसनल बोल्किया के बुलाने पर ब्रुनेई गए हैं।

जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यात्रा के दौरान ब्रुनेई की राजधानी बंदर सेरी बेगवान पहुंचे तो एक विशेष सम्मान के रूप में प्रधानमंत्री का एयरपोर्ट पर क्राउन प्रिंस हिज रॉयल हाईनेस प्रिंस हाजी अल-मुहतादी बिल्लाह ने स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री होटल गए, जहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। इस यात्रा पर पीएम मोदी और सुल्तान हसनल बोल्किया की मुलाकात भी होगी। खैर, पीएम मोदी की यात्रा के इतर अगर ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्कियाह की बात करें तो अपनी रईसी के लिए भी जाने जाते हैं।

अपार संपत्ति के लिए मशहूर हैं सुल्तान

सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया अपनी अपार संपत्ति और शानदार जीवनशैली के लिए मशहूर हैं। माना जाता है कि उनकी निजी संपत्ति करीब 30 बिलियन डॉलर है। 1980 और 1990 के दशक में वे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे, लेकिन बाद में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। बोल्किया के विशाल कार संग्रह में सैकड़ों फेरारी, बेंटले और रोल्स-रॉयस शामिल हैं। वे दुनिया के सबसे बड़े महल में रहते हैं और लंदन के मेफेयर होटल से अपने नाई के साथ प्रथम श्रेणी में यात्रा करते हैं।

यह भी पढ़ें: ब्रुनेई पहुंचे पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत

Advertisement

हसनल बोल्किया का कार कलेक्शन

सुल्तान हसनल बोल्किया के पास दुनिया का सबसे बड़ा निजी कार कलेक्शन है। इस कलेक्शन की अनुमानित कीमत 5 बिलियन डॉलर है, जिसमें 7,000 से अधिक शानदार वाहन शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पास लगभग 600 रोल्स-रॉयस कारें हैं, जिसके लिए उन्हें आधिकारिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। इसके अलावा उनके कलेक्शन में लगभग 450 फेरारी और 380 बेंटले हैं। सुल्तान के कार कलेक्शन में पोर्श, लेम्बोर्गिनी, मेबैक, जगुआर, बीएमडब्ल्यू और मैकलारेन भी शामिल हैं। उनकी बेशकीमती संपत्तियों में से एक खुली छत के साथ एक कस्टम-डिजाइन की गई रोल्स-रॉयस है, जिसे सोने से डिजाइन किया गया। 2007 में उन्होंने अपनी बेटी राजकुमारी माजेदाह की शादी के लिए एक कस्टम गोल्ड-कोटेड रोल्स-रॉयस खरीदी।

सोने के दीवारों वाला है सुल्तान का महल

सुल्तान हसनल बोल्किया इस्ताना नूरुल इमान पैलेस में रहते हैं, जिसका नाम दुनिया का सबसे बड़ा आवासीय महल होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। ये महल दो मिलियन वर्ग फीट में फैला हुआ है और 22 कैरेट सोने से सजा हुआ है। इसमें पांच स्विमिंग पूल, 1700 बेडरूम, 257 बाथरूम और 110 गैरेज बताए जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुल्तान के पास एक निजी चिड़ियाघर भी है, जिसमें 30 बंगाल टाइगर और विभिन्न पक्षी प्रजातियां हैं। इसके अलावा, उनके पास बोइंग 747 विमान भी है।

Advertisement

पीएम मोदी की ब्रुनेई यात्रा का उद्देश्य क्या?

प्रधानमंत्री मोदी की दो दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ भारत और ब्रुनेई के बीच 40 साल पुराने राजनयिक संबंधों का जश्न मनाना है। ये दौरा भारत और ब्रुनेई के बीच राजनयिक संबंधों के अलावा आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के महत्व को दर्शाता है। ब्रुनेई की संपत्ति मुख्य रूप से उसके तेल और गैस भंडार से जुड़ी होती है, इसलिए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं। पीएम मोदी की यात्रा को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक मील का पत्थर हो सकता है।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान: 'शरीफ सरकार से नहीं सिर्फ सेना...', इमरान का जेल से बड़ा संदेश

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 3 September 2024 at 17:08 IST