शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी अपनी मर्जी से या प्रत्यर्पण के तहत होगी? विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब, जानिए कहां फंसा है पेंच
बुधवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि शेख हसीना की स्वैच्छिक वापसी प्रत्यर्पण की मांग से बिल्कुल अलग है। भारत ने कहा कि किसी नागरिक का ट्रैवल दस्तावेज के जरिए स्वेच्छा से अपने देश लौटने का मामला, प्रत्यर्पण अनुरोध से पूरी तरह अलग है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार (25 नवंबर) को कहा कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का यात्रा दस्तावेज के जरिए स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने का मामला और ढाका द्वारा किए गए प्रत्यर्पण अनुरोध से बिल्कुल अलग है। मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि इस अनुरोध की जांच तय प्रक्रियाओं के अनुसार की जा रही है।
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश के अनुरोध से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए, MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है। उन्होंने इसे हसीना के स्वेच्छा से लौटने की संभावना से अलग बताया।
स्वेच्छा से लौटने का मामला, प्रत्यर्पण से पूरी तरह अलग-MEA
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा "जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, प्रत्यर्पण अनुरोध की जांच हमारी तय प्रक्रियाओं के अनुसार की जा रही है। किसी नागरिक का यात्रा दस्तावेज के जरिए स्वेच्छा से अपने देश लौटने का मामला, प्रत्यर्पण अनुरोध से पूरी तरह अलग है।" बता दें कि ढाका ने कई बार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग की है, जबकि नई दिल्ली का कहना है कि इस अनुरोध की जांच निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है।
हसीना की वापसी केवल 'प्रत्यर्पण' के जरिए-बांग्लादेशी विदेश राज्य मंत्री
विदेश मंत्रालय की यह टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है, जिनमें कहा गया है कि हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं, जिस दिन वहां 'विजय दिवस' (विक्ट्री डे) मनाया जाता है। वहीं, बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने मंगलवार को इस योजना को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हसीना की वापसी केवल 'प्रत्यर्पण' के जरिए और हिरासत में ही संभव है।
Advertisement
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा पर MEA सख्त
इस बीच ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की खबरों पर चिंता जताई और वहां की सरकार से इन घटनाओं की जांच करने तथा दोषियों को न्याय के दायरे में लाने का आग्रह किया।
नराइल और पबना सहित कई इलाकों में हिंदुओं पर हुए हमलों के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा, "हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हुई हिंसा की घटनाओं को लेकर चिंतित हैं। हम बांग्लादेश सरकार से आग्रह करते हैं कि वह इन घटनाओं की गहन जांच करें और दोषियों को सजा दिलाए।"