Thailand Train Accident: थाईलैंड में हुआ भीषण रेल हादसा, ट्रेन पर गिरी विशालकाय क्रेन; 22 की मौत
थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भयानक हादसा हुआ है। राजधानी बैंकॉक से देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से की ओर जा रही एक ट्रेन उस वक्त पटरी से उतर गई, जब एक कंस्ट्रक्शन क्रेन उसके एक डिब्बे पर गिर गई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Thailand Train Accident: थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भयानक हादसा हुआ है। राजधानी बैंकॉक से देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से की ओर जा रही एक ट्रेन उस वक्त पटरी से उतर गई, जब एक कंस्ट्रक्शन क्रेन उसके एक डिब्बे पर गिर गई। इस हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है और 30 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा बुधवार सुबह बैंकॉक से 230 किमी (143 मील) उत्तर-पूर्व में, नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हुआ है। ट्रेन उबोन रत्चाथानी प्रांत जा रही थी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रेल की पटरियों के ऊपर एक हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट का काम चल रहा था। तभी वहां से गुजर रही एक ट्रेन पर अचानक क्रेन गिर गई। क्रेन, ट्रेन से टकरा गई, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन में इसकी वजह से आग भी लग गई। आग को बुझा दिया गया है। फिलहाल फिलहाल बचाव कार्य जारी है।
ट्रेन का डिब्बा दो हिस्सों में कटा
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी ने AFP समाचार एजेंसी को बताया कि उन्होंने एक तेज आवाज सुनी, जिसके बाद दो विस्फोट हुए। निवासी ने कहा , “जब मैं यह देखने गया कि क्या हुआ है, तो मैंने पाया कि क्रेन एक यात्री ट्रेन पर पड़ी हुई थी। क्रेन से निकला मेटल का टुकड़ा ट्रेन के बीचों-बीच जा टकराया, जिससे वह दो हिस्सों में कट गया।"
Advertisement
रिपोर्ट के अनुसार, हादसे का शिकार हुई ट्रेन में 195 यात्री सवार थे। हालांकि ये आंकड़ा ट्रेन में सीटों के आधार पर बताया गया है और ट्रेन में असल में कितने यात्री सवार थे, इसका आंकड़ा अलग हो सकता है। थाईलैंड सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। हादसा बुधवार सुबह 9 बजे के करीब हुआ।