बांग्लादेश में सुरक्षित नहीं हिंदू! अंतरिम सरकार बनने के बाद भी भीड़ ने फूंके घर,कहीं लड़की का अपहरण
Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। चरमपंथियों ने हिंदुओं की बेटी को उठाकर ले गए। हिंदुओं के घरों में आग लगा दी गई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Bangladesh: बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद शायद अल्पसंख्यकों और खासकर हिंदुओं के लिए मुल्क सुरक्षित नहीं रहा है। इस बात का सबूत वहां हिंदुओं पर लगातार हो रहे इस्लामी हमले हैं। हालिया तस्वीरों से साफ पता चलता है कि अराजकता के माहौल में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और बढ़ता जा रहा है। हैरानी तब और होती है, जब चरमपंथी हिंदुओं की बेटियों को भी उठाकर ले जा रहे हैं। हिंदुओं के घरों में आग लगाई जा रही है। लोगों को बुरी तरह मारा पीटा जा रहा है।
भारत के पड़ोसी मुल्क में 5 अगस्त को एक बड़े विद्रोह ने सरकार का तख्तापलट कर दिया। प्रधानमंत्री आवास पर भीड़ का कब्जा हो चुका था और शेख हसीना को इस्तीफा देकर मुल्क छोड़ना पड़ा। उसी के बाद से सरकार विरोधी आंदोलन अब हिंदू विरोधी हो चुका है। बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनने के बाद, जो ताजा तस्वीरें आई हैं, उन्होंने वहां के गंभीर हालातों को और दर्शा दिया है।
भीड़ ने हिंदुओं के घरों को फूंका
बांग्लादेश में रात को ठाकुरगांव जिले के बाबू पारा गांव में भीड़ ने हिंदुओं के घरों पर हमला किया। कई घरों में आग लगा दी गई। इस्लामी चरमपंथियों ने बांग्लादेश के शहरी ढाका के इलाकों में अपार्टमेंट में रहने वाले हिंदू परिवारों को निशाना बनाया। चाकू और तलवारों से लैस सैकड़ों चरमपंथियों ने हिंदू उच्च मध्यम वर्गीय परिवारों पर हमला किया। बांग्लादेश के मौलवीबाजार जिले में भीड़ ने एक हिंदू गांव पर हमला किया। यहां एक हिंदू व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए तालाब में कूद गया। जिहादियों ने तालाब के चारों ओर खड़े होकर उस पर पत्थर बरसाए, जिससे उसकी मौत हो गई।
नोआखली में नाबालिग हिंदू लड़की का अपहरण
चरमपंथियों ने नोआखली जिले में दिनदहाड़े एक नाबालिग हिंदू लड़की का अपहरण कर लिया। तस्वीरों में देखा गया कि कई युवक लड़की को उठाकर ले जा रहे हैं और उसे फिर गाड़ी में पटक देते हैं। अभी बताया जाता है कि जानकारी मिलने पर बांग्लादेशी सेना ने तलाशी अभियान चलाया और लड़की को बरामद किया। लड़की नोआखली जिले के सेनबाग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मोइशाई गांव की रहने वाली थी।
Advertisement
जेसोर में हिंदू परिवार के घर पर हमला
जेसोर में चरमपंथियों ने एक हिंदू परिवार के घर पर हमला किया। उन्होंने तोड़फोड़ की और पैसे और अन्य कीमती सामान लूट लिए। उन्होंने जबरन खाली स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर लिए और उनके बेटे पियास सरकार (12) का अपहरण भी कर लिया। उसके अलावा ढाका के उत्तरा इलाके में एक आवासीय कॉलोनी में लोग अपने घरों की रखवाली कर रहे हैं, क्योंकि कई इलाकों में सशस्त्र डकैती हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस और सेना आपातकालीन एसओएस कॉल का जवाब नहीं दे रही हैं।