Indonesia: बीच समंदर धू-धू कर जलने लगा जहाज, जान बचाने पानी में कूदे लोग; अबतक 3 की मौत; खौफनाक मंजर का VIDEO आया सामने
इंडोनेशिया में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां के तट पर 280 लोगों से भरी एक जहाज में आग लग गई। आग लगने से घबराए यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगा दी
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

इंडोनेशिया में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां के तट पर 280 लोगों से भरी एक जहाज में आग लग गई। आग लगने से घबराए यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगा दी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। लगभग 150 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। जबकि 100 से ज्यादा लोग लापता हैं, इनकी तलाश जारी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जहाज पूरी तरह से आग की लपटों में घिरा हुआ है।
आसमान में काले धुएं का गुबार उठ रहा है। हादसे की शिकार हुई जहाज का नाम केएम बार्सिलोना वीए है। इंडोनेशियाई बेड़े कमान के कमांडर वाइस एडमिरल डेनिह हेंड्राटा ने बताया कि केएम बार्सिलोना जहाज उत्तरी सुलावेसी प्रांत की राजधानी मनादो की ओर जा रहा था, जो प्रांत के द्वीपीय जिले तलौद से आ रहा था, तभी तालिसे के निकट पानी में उसमें आग लग गई।
मरने वाले में गर्भवती महिला भी शामिल
उन्होंने कहा कि तीन नौसेना जहाज तैनात किये गये हैं तथा अब तक 150 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को निकाला जा चुका है। बचाव अभियान में स्थानीय मछुआरों की सहायता भी शामिल थी, जिन्होंने लाइफ जैकेट पहने हुए कुछ जीवित बचे लोगों को बचाया, जो उबड़-खाबड़ पानी में बहकर पास के द्वीपों की ओर जा रहे थे। बचावकर्मियों ने एक गर्भवती महिला सहित तीन शव बरामद किये हैं।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि आग दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुई और तेजी से पूरे जहाज में फैल गई। अभी तक आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी, नौसेना, तटरक्षक बल और स्थानीय मछुआरों ने मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
Advertisement
आग के कारणों की जांच होगी
आग लगने का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि सभी यात्रियों का पता लगने के बाद इसकी जांच शुरू की जाएगी। यात्रियों के परिजनों से शांत रहने और आधिकारिक अपडेट का इंतजार करने की अपील की गई है।